रोजर शू फैक्ट्री की सनसनीखेज चोरी का खुलासा, पुलिस ने कर ली कैश समेत साढ़े सात करोड़ के गहनों की बरामदगी! जमीन में दबा मिला गोल्ड–डायमंड का खजाना
आगरा। शहर में हाईवे स्थित रोजर शू इंडस्ट्री में हुई सनसनीखेज चोरी का खुलासा हो गया है। रोज शू इंडस्ट्री के मालिक दीपक बुद्धिराजा के प्रतिष्ठान में हुई 65 लाख रुपये कैश और जेवरातों चोरी के मामले में पुलिस ने साढ़े सात करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और जेवरात बरामद कर लिए हैं। यह बरामदगी न केवल चोरी के इस सनसनीखेज मामले की तस्वीर बदलने वाली साबित हुई, बल्कि इसे आगरा पुलिस के इतिहास की सबसे बड़ी रिकवरी माना जा रहा है। पुलिस जल्द इस मामले का अधिकारिक तौर पर खुलासा करने जा रही है।
कुछ दिन पहले सिकंदरा थाना क्षेत्र में स्थित रोजर शूज़ के मालिक दीपक बुद्धिराजा ने 65 लाख रुपये की नगदी और जेवरात चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला सामने आते ही पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चोरी की गई रकम से कहीं अधिक संपत्ति आरोपियों ने छिपा रखी थी। पुलिस की सख्त पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में दबाकर रखा गया माल बरामद किया गया।
साढ़े तीन किलो से ज्यादा सोना और हीरे बरामद
बरामदगी में कैश के अलावा साढ़े तीन किलो से अधिक सोना और हीरे, भारी मात्रा में नकदी और कीमती जेवरात शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत साढ़े सात करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में डीसीपी अली अब्बास और एसीपी अक्षय माहदिक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच अभी जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में जेवरात और नकदी कहां-कहां से जुटाई गई थी।
ज्ञातव्य है कि दीपक बुद्धिराजा ने मुकदमा दर्ज कराया था कि रविवार की रात फैक्ट्री की पहली मंजिल पर चोरी हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने तिजोरी से लाखों का कैश और करोड़ों के जेवरात चुरा लिए हैं। फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध कैद हुआ। पुलिस ने इसी फुटेज के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ाई। पहले एक कर्मचारी को लेकर दो अन्य को उठाया गया। Top of Form
फैक्ट्री स्वामी ने पुलिस को दी तहरीर में तिजोरी में रखे गहनों का भी ब्यौरा दिया था। यह भी बताया था कि उन्होंने कुछ समय पहले ही जेवरातों का मूल्यांकन कराया था, जिनकी बाजार कीमत पांच करोड़ रुपये से अधिक है। Bottom of Form