जैवलिन कोच पर गंभीर आरोप, नीरज चोपड़ा ने कार्रवाई की मांग की, सुमित अंतिल बोले- नशे में हदें पार करता है
एथलीट सुमित अंतिल और नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो के कोच नवल सिंह के खिलाफ स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया से कम्पलेंट की है। नवल सिंह पर आरोप है कि वह नशे में गालियां देते हैं और शोषण करते हैं।
नई दिल्ली। भारत के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा भारत के उन जैवलिन स्टार्स में शामिल हैं, जिन्होंने जैवलिन कोच नवल सिंह के खिलाफ स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में कम्पलेंट फाइल की है। टॉप इंडियन एथलीट्स ने कोच के खिलाफ गाली देने और शोषण करने का आरोप लगाया है। नीरज के अलावा, दो बार के पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुमित अंतिल भी उनमें शामिल हैं, जिन्होंने साई को इस मामले को लेकर लेटर लिखा है और कोच के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है।
द ब्रिज की रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज चोपड़ा और सुमित अंतिल ने मोर्चा संभाला और बीते 10 अप्रैल को साई में लिखित में कम्पलेंट फाइल करवाई। इस मामले के बारे में साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के ऑफीशियल्स और पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया से भी बात की गई थी। नीरज ने इस बात का दावा किया है कि उनके और उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। ओलंपिक मेडल विनर नीरज चोपड़ा ने इस मामले में निर्णायक कार्रवाई करने की मांग की है।
नीरज चोपड़ा ने लेटर में कहा, 'मैं अपने साथी एथलीट्स के साथ इसमें खड़ा हूं और इस मामले में कड़ा एक्शन लेने की मांग करता हूं। मैं यह बतौर एथलीट लिख रहा हूं, जिसने भारत को नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर रिप्रेजेंट किया है और जो मानता है कि खेल में गरिमा, डिसिप्लिन और सम्मान को बनाए रखना जरूरी है। जो स्टेटमेंट कोच नवल सिंह द्वारा दी गई हैं वो सिर्फ गलत ही नहीं बल्कि शर्मनाक हैं।'