कान्हा गौशाला में 900 गौमाताओं की सेवा, अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा ने की सेवा

गौ सेवा, करुणा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की अनुपम मिसाल सोमवार को आगरा की कान्हा गौशाला, शाहदरा चुंगी में देखने को मिली, जहां श्री अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा आगरा के तत्वावधान में ‘गौ सेवा–गायों को आहार दान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर लगभग 900 गौमाताओं को पौष्टिक आहार अर्पित कर समाज के समक्ष सेवा और संवेदनशीलता का सशक्त संदेश दिया गया।

Jan 12, 2026 - 19:17
 0
कान्हा गौशाला में 900 गौमाताओं की सेवा, अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा ने की सेवा
कान्हा गौशाला में गौ सेवा के लिए पहुंचे अग्रवाल अग्रवाल दिगम्बर जैन महासभा के सदस्य।

आगरा। श्री अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा आगरा के तत्वावधान में सोमवार को कान्हा गौशाला, शाहदरा चुंगी में ‘गौ सेवा–गायों को आहार दान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा एवं करुणा से परिपूर्ण इस कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों, महिला इकाई, युवाओं एवं समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 900 गौमाताओं को हरा चारा, हरी सब्जियां, गुड़ एवं अन्य पौष्टिक आहार खिलाया गया। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए गौमाताओं को कंबलों का वितरण भी किया गया, ताकि ठंड से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह दृश्य उपस्थित सभी लोगों के लिए अत्यंत प्रेरणास्पद रहा।

महासभा के सदस्यों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष स्थान प्राप्त है। गौ सेवा न केवल पशु कल्याण का माध्यम है, बल्कि इससे समाज में करुणा, सेवा भावना और सद्भाव का भी विकास होता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गौवंश का संरक्षण, संवर्धन एवं शीत ऋतु में उनकी रक्षा करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान पूरा गौशाला परिसर भक्ति, अनुशासन और सेवा भाव से सराबोर नजर आया। उपस्थित सदस्यों ने गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प लिया।

महासभा के मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने सभी पदाधिकारियों, सहभागियों और समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा आगे भी गौ सेवा और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।

इस अवसर पर पवन जैन, सुनील जैन, संजय बाबू जैन, विजय कुमार जैन, राजीव जैन टोपी, रविन्द्र जैन, राकेश जैन पर्देवाले, विवेक जैन, अनंत जैन, सतीशचंद जैन, मनोज जैन, रविंद्र जैन, जयंती प्रसाद जैन, अजित जैन, श्रीमती नीता जैन, मीरा जैन, रश्मि जैन सहित श्री अग्रवाल दिगंबर जैन महासभा के समस्त सदस्य एवं महिला इकाई ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर गौ सेवा के माध्यम से पुण्य अर्जित किया।

SP_Singh AURGURU Editor