भवन पुनःनिर्माण के चलते स्थानांतरित हुईं श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की सेवाएं, कल से विद्युत मोक्षधाम से मिलेंगी अधिकांश सुविधाएं, निःशुल्क भोजन सेवा यथावत
आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के बजाजा सेवा सदन के पुनःनिर्माण कार्य के कारण कमेटी द्वारा संचालित सेवाओं के संचालन में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। आगरा कॉलेज (महिला विंग के सामने) स्थित बजाजा सेवा सदन से दी जाने वाली सभी सेवाएं अब एमजी रोड कार्यालय स्थित क्षेत्र बजाजा सेवा सदन पर उपलब्ध नहीं होंगी। यह व्यवस्था रविवार, 18 जनवरी 2026 से लागू हो जाएगी।
कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल एवं राजीव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि भवन के पुनःनिर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस अवधि में समाज को बजाजा कमेटी की सेवाएं निरंतर और सुचारू रूप से मिलती रहें, इसी उद्देश्य से यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परिवर्तन केवल सीमित समय के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निःशुल्क भोजन सेवा को छोड़कर बजाजा कमेटी द्वारा संचालित शेष सभी सेवाएं अब विद्युत मोक्षधाम (लाल किले के पास, ताजगंज) में उपलब्ध रहेंगी। वहीं, खालसा गली, रावतपाड़ा स्थित कमेटी का मुख्य कार्यालय पूर्व की तरह यथावत कार्य करता रहेगा।
मुख्य कार्यालय से कफन सामग्री, आयुर्वेदिक औषधालय, बर्तन सहित अन्य सेवाएं पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या सेवा हेतु कमेटी के सेवा नंबर 9319809451 एवं 9359555111 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, मुख्य कार्यालय के दूरभाष नंबर 0562-2466203 और 9319053279 जारी रहेंगे।
कमेटी के मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने समाज से अपील की है कि इस अस्थायी व्यवस्था में सहयोग करें, जिससे पुनःनिर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो सके और सेवाएं पहले से अधिक सुव्यवस्थित रूप में पुनः प्रारंभ की जा सकें।