ताजमहल में शाहजहां का तीन दिवसीय उर्स 15 से 17 जनवरी तक, 3 दिन फ्री एंट्री का ऐलान

आगरा में ताजमहल के निर्माणकर्ता शाहजहाँ का तीन दिवसीय उर्स 15 से 17 जनवरी 2026 तक निःशुल्क प्रवेश के साथ मनाया जाएगा। बड़ी संख्या में जायरीन और पर्यटकों के आने की संभावना है। आयोजकों और सामाजिक संगठनों ने बेहतर व्यवस्था, स्वच्छता और नागरिक सहभागिता पर जोर देते हुए आगरा की सकारात्मक छवि बनाए रखने की अपील की है।

Jan 14, 2026 - 01:51
 0
ताजमहल में शाहजहां का तीन दिवसीय उर्स 15 से 17 जनवरी तक, 3 दिन फ्री एंट्री का ऐलान

आगरा। विश्वविख्यात धरोहर ताजमहल के निर्माणकर्ता मुगल बादशाह शाहजहां का तीन दिवसीय उर्स इस वर्ष 15 से 17 जनवरी 2026 तक परंपरागत श्रद्धा, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। उर्स के अवसर पर ताजमहल में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय जायरीन में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन मन्नत की चादरें, फूल, पंखे और लंगर लेकर ताजमहल पहुंचते  हैं। पुरुषों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और संबंधित एजेंसियां  अलर्ट मोड में रहेंगी। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि आगरा की सांस्कृतिक विरासत और आपसी सौहार्द को भी दर्शाता है।

ऑल इंडिया हिन्दुस्तानी बिरादरी के अध्यक्ष एवं भारत सरकार द्वारा कबीर पुरस्कार से सम्मानित डॉ. सिराज कुरैशी ने कहा कि ताजमहल सिर्फ एक ऐतिहासिक स्मारक नहीं, बल्कि भारत की शान और वैश्विक पहचान है। दुनिया भर के लोग एक बार भारत आकर ताजमहल देखने की तमन्ना रखते हैं। यही कारण है कि रोज़ाना हजारों सैलानी यहां  आकर शांति और आत्मिक सुख का अनुभव करते हैं।

उन्होंने उर्स के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ताजमहल की जिम्मेदारी केवल पुरातत्व विभाग या सुरक्षा एजेंसियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आगरा के जागरूक नागरिकों को भी आगे आकर सहयोग करना चाहिए, ताकि इस संगमरमर की अनमोल धरोहर की गरिमा बनी रहे।

हिन्दुस्तानी बिरादरी के उपाध्यक्ष एवं आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैंबर के सचिव विशाल शर्मा ने कहा कि उर्स जैसे आयोजन आगरा की गंगा-जमुनी तहज़ीब और पर्यटन की आत्मा को और मजबूत करते हैं। ताजमहल आगरा की अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र है, इसलिए उर्स के दौरान स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन, पर्यटन विभाग और स्थानीय नागरिकों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीन और पर्यटक आगरा की सकारात्मक, सुरक्षित और सुंदर छवि अपने साथ लेकर लौटें।