शाहजहांपुर जिले में एक युवक और उसके साथियों ने दूसरे युवक को पीट-पीट कर मार डाला

-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में प्रेम प्रसंग की पुरानी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। थाना कांट क्षेत्र के सप्त्यारा गांव में मंगलवार की शाम एक युवक की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

Oct 22, 2025 - 14:48
Oct 22, 2025 - 14:51
 0
शाहजहांपुर जिले में एक युवक और उसके साथियों ने दूसरे युवक को पीट-पीट कर मार डाला
युवक की हत्या के बाद मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते पुलिस अधिकारी।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बुधवार को बताया कि मृतक ओमकार (28) और आरोपी रिजवान एक ही गांव के निवासी हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व ओमकार के रिजवान की बहन के साथ प्रेम संबंध थे। रिजवान की बहन को ओमकार भगा ले गया था। उस समय रिजवान के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लड़की को बरामद कर ओमकार को जेल भेज दिया था।

जेल से छूटने के बाद से ही ओमकार अक्सर रिजवान को देखते ही उस पर रिश्तेदारी से जुड़ी टीका-टिप्पणी व्यंग्यात्मक लहजे में किया करता था। इससे रिजवान अपमानित और आक्रोशित महसूस करता था। मंगलवार शाम को जब ओमकार खेतों की ओर गया, तो वहां पहले से मौजूद रिजवान ने गुस्से में आकर उस पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से की गई पिटाई इतनी निर्मम थी कि ओमकार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्याकांड में रिजवान के साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कांट पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां की तहरीर पर रिजवान, जाविर, कदीर अली और समीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव में वारदात के बाद से तनाव का माहौल है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस की कई टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।

SP_Singh AURGURU Editor