पंचायत चुनाव से पहले शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी पहल, हर थाने में जनसंपर्क अधिकारी तैनात

-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। आगामी ग्राम पंचायत चुनावों से पहले शाहजहांपुर पुलिस ने एक अनूठी और सराहनीय पहल करते हुए जिले के सभी 23 थानों में जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) की नियुक्ति की है। इन अधिकारियों की जिम्मेदारी थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुनना और समस्या के त्वरित समाधान की प्रक्रिया सुनिश्चित करना होगी। पुलिस का मानना है कि यह व्यवस्था न केवल पीड़ितों को राहत देगी, बल्कि चुनावी माहौल में उभरने वाले छोटे विवादों को भी शुरुआती स्तर पर ही सुलझाने में मददगार साबित होगी।

Dec 22, 2025 - 13:08
 0
पंचायत चुनाव से पहले शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी पहल, हर थाने में जनसंपर्क अधिकारी तैनात

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि कई बार थाना प्रभारी के बाहर रहने या व्यस्तता के कारण पीड़ित अपनी बात नहीं रख पाते, वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो थानाध्यक्ष तक पहुंचने में ही असमर्थ रहते हैं। ऐसी स्थिति में जनसंपर्क अधिकारी पीड़ित और थानाध्यक्ष के बीच सेतु बनकर समस्याओं का समाधान कराएंगे।

उन्होंने कहा कि कई अवसरों पर यह देखा गया कि फरियादी किसी तरह थाने तो पहुंच जाता है, लेकिन संकोच या व्यवस्था के अभाव में अपनी शिकायत आगे नहीं बढ़ा पाता। इस समस्या को व्यक्तिगत रूप से महसूस करने के बाद ही जिले में यह नई व्यवस्था लागू की गई है। जनसंपर्क अधिकारियों का चयन उनके मृदुभाषी स्वभाव और व्यवहार कुशलता को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि लोग बिना झिझक अपनी बात रख सकें।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिस प्रकार थानों में महिला हेल्पलाइन केवल महिलाओं की समस्याएं सुनकर समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाती है, उसी तर्ज पर जनसंपर्क अधिकारी भी सभी फरियादियों की शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएंगे और निराकरण की निगरानी करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत चुनाव को देखते हुए गांवों में गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और छोटी-छोटी बातों पर विवाद व झगड़े सामने आने लगते हैं। ऐसे मामलों को प्रारंभिक स्तर पर ही सुलझाने में यह प्रयोग बेहद कारगर सिद्ध होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इससे पहले जिले में “हाल-चाल दस्ता” का गठन किया गया है, जो अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियमित रिपोर्ट अधिकारियों को सौंप रहा है। इसके अलावा गठित एसआईटी ने वर्षों से लंबित मामलों को दोबारा खोलकर आरोपियों को जेल भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन सभी प्रयासों से जिले में पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत हो रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor