सीने में संक्रमण के बाद अल्पताल  में भर्ती हुए शरद पवार, सुनेत्रा के बाद पीएम मोदी ने लिया हालचाल

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक शरद पवार का पुणे के अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह दो दिन पहले पुणे के अस्पताल में भर्ती हुए थे। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें बारामती से पुणे लाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली है।

Feb 11, 2026 - 19:03
 0
सीने में संक्रमण के बाद अल्पताल  में भर्ती हुए शरद पवार, सुनेत्रा के बाद पीएम मोदी ने लिया हालचाल

पुणे। सीने में संक्रमण के बाद पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए गए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की हालत स्थिर है और अगले दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्यसभा के सदस्य शरद पवार (85) ने सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें सोमवार दोपहर पुणे जिले के बारामती कस्बे स्थित उनके आवास से रूबी हॉल क्लीनिक लाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार फोन से शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली है।

अस्पताल के चिकित्सक एवं न्यासी डॉ. साइमन ग्रांट ने एक बयान में बताया कि पवार का स्वास्थ्य स्थिर है और इसमें लगातार सुधार हो रहा है। उनकी समग्र नैदानिक स्थिति स्थिर और संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने के समय सीने में जो जकड़न थी, उस परेशानी पर इलाज का अच्छा असर हो रहा है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति शारीरिक तनाव और थकान के कारण है, खासकर हाल में की गई व्यापक यात्रा एवं लोगों से लगातार मुलाकातों के कारण यह थकान बढ़ गई है।

डॉ. ग्रांट ने कहा कि चिकित्सा दल उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार होने पर अगले दो दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने की योजना बना रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार मुंह के कैंसर के मरीज रहे हैं। उनके भतीजे एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। अजित पवार की पत्नी एवं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार अपने बेटे पार्थ के साथ सोमवार शाम शरद पवार का हाल-चाल जानने अस्पताल आयी थीं। शरद पवार के पुणे में भर्ती होने के बाद उनकी बेटी सुप्रिया सुले ने भी सोशल मीडिया पर अपडेट साझा किया था। इसमें लिखा था कि काका की रिपोर्ट्स नार्मल हैं। सभी का शुक्रिया। अजित पवार की प्लेन हादसे में मौत के बाद से शरद पवार बारामती में थे। (एजेंसी इनपुट के साथ)