शारदा वर्ल्ड स्कूल का वार्षिकोत्सव अवर्तनम 2025, गुल पनाग ने छात्रों को प्रेरित किया

आगरा। कीठम स्थित शारदा वर्ल्ड स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव अवर्तनम 2025 केवल एक सांस्कृतिक महोत्सव नहीं रहा, बल्कि यह शिक्षा, सृजनशीलता और प्रेरणा का ऐसा संगम बना, जिसने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के दिलों में गर्व और उत्साह भर दिया। इस अवसर पर बॉलीवुड अभिनेत्री गुल पनाग की प्रेरक उपस्थिति ने कार्यक्रम को नई ऊर्जा और आत्मविश्वास से भर दिया।

Oct 16, 2025 - 21:34
 0
शारदा वर्ल्ड स्कूल का वार्षिकोत्सव अवर्तनम 2025, गुल पनाग ने छात्रों को प्रेरित किया
शारदा वर्ल्ड स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव अवर्तनम 2025 में मंच पर मौजूद अभिनेत्री गुल पनाग और अन्य अतिथि।

शिक्षा और संस्कृति का उत्सव

विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जहां हर कोना उत्सव की उमंग से भरा हुआ था। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। विद्यालय के गायन दल ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को सुरों और समर्पण की मिठास से भर दिया।

गुल पनाग ने बढ़ाई समारोह की गरिमा

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल गुल पनाग ने अपने प्रेरक शब्दों में विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और कठिन परिश्रम की राह पर चलने का संदेश दिया। गुल पनाग ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाती है।
उनके साथ मंच पर विद्यालय प्रमुख श्रीमती सीमा गुप्ता, शारदा ग्रुप के सीईओ प्रशांत गुप्ता, श्रीमती प्रियंका गुप्ता और सलाहकार डॉ. गरिमा यादव भी मौजूद रहीं। सभी अतिथियों का स्वागत एचओएस सत्याकी बनर्जी ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया।

वार्षिक रिपोर्ट और मनमोहक प्रस्तुतियां

अपने स्वागत भाषण में श्री सत्याकी बनर्जी ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक उपलब्धियों का उल्लेख किया गया।
इसके बाद मंच पर शुरू हुआ रंगारंग कार्यक्रमों का सिलसिला, जिसमें डांस, नाटक और समूह गान की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
विशेष आकर्षण रहा नन्हे-मुन्नों का मंच प्रदर्शन, जिसने पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया। इसके पश्चात उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।

शारदा ओपन टॉक्स बना मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का विशेष सत्र शारदा ओपन टॊक्स चर्चा का केंद्र रहा, जिसमें गुल पनाग और निधि पनवार ने महिला सशक्तिकरण और पेरेंटिंग पर प्रेरक विचार साझा किए। यह सत्र शिक्षकों और अभिभावकों दोनों के लिए ज्ञानवर्धक और विचारोत्तेजक रहा।

स्मारिका विमोचन और राष्ट्रगान के साथ समापन

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की वार्षिक स्मारिका का विमोचन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की रचनात्मक अभिव्यक्तियों का संकलन शामिल था।
राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ, जो सभी के लिए स्मरणीय बन गया।

SP_Singh AURGURU Editor