आगरा की शिल्पा माहेश्वरी ने जीता ‘कॊमेडी स्टार ऒफ द ईयर, ख्याल 50, 50 से ऊपर में चमका प्रतिभा का सितारा

मुंबई में देश के सबसे बड़े सीनियर टैलेंट हंट ख्याल 50, 50 से ऊपर (KHYAAL 50 Above 50) में इस बार आगरा की शिल्पा माहेश्वरी ने अपनी कला, आत्मविश्वास और जीवंत प्रस्तुति से ऐसा जलवा बिखेरा कि पूरे देश से आए प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए ‘कॊमेडी स्टार ऒफ द ईयर’ का खिताब अपने नाम कर लिया। 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित करने वाली इस राष्ट्रीय पहल में उनकी जीत ने न सिर्फ़ मंच को रोशन किया, बल्कि आगरा शहर का नाम भी गर्व से ऊंचा कर दिया।

Nov 27, 2025 - 14:05
 0
आगरा की शिल्पा माहेश्वरी ने जीता ‘कॊमेडी स्टार ऒफ द ईयर, ख्याल 50, 50 से ऊपर में चमका प्रतिभा का सितारा
मुंबई में आयोजित सीनियर टैलेंट हंट ख्याल 50, 50 से ऊपर में कॊमेडी स्टार ऒफ द ईयर का खिताब जीतने वाली आगरा की शिल्पा माहेश्वरी।

शिल्पा माहेश्वरी को दिये गये अवार्ड की एक झलक।

मुंबई। ख्याल 50, 50 से ऊपर (KHYAAL 50 Above 50) केवल एक टैलेंट हंट नहीं, बल्कि 50 वर्ष के बाद भी सपनों को उड़ान देने और नई पहचान गढ़ने का एक सशक्त मंच है। कला, खेल, तकनीक, व्यवसाय और सामाजिक सेवा, हर क्षेत्र के वे लोग जो उम्र की परिधि तोड़कर नई चुनौतियों को गले लगाते हैं, इस कार्यक्रम में सम्मानित किए जाते हैं।

इसी प्रतिष्ठित मंच पर शिल्पा माहेश्वरी को ‘50 Above 50 Winners’ में शामिल किया गया। पूरे देश से आए प्रतिभागियों में से केवल 10 फाइनलिस्ट चुने गए, जिनमें शिल्पा की प्रस्तुति सबसे अलग और सबसे प्रभावशाली रही।

अभिनय, नृत्य और कला के प्रति शिल्पा का अटूट समर्पण हमेशा से उनकी पहचान रहा है। उनकी कॉमिक टाइमिंग, संवाद-अभिनय और मंच पर सहज उपस्थिति ने दर्शकों व जजों के दिल जीत लिए। परिणामस्वरूप, उन्हें कॊमेडी स्टार ऒफ द ईयर के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाज़ा गया, जो आगरा के लिए एक बड़ी उपलब्धि बन गया।

शिल्पा माहेश्वरी को सम्मानस्वरूप 1 लाख रुपये की धनराशि, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए। यह उपलब्धि इस बात का सशक्त संदेश देती है कि प्रतिभा कभी उम्र की मोहताज नहीं होती, और 50 पार भी किसी भी सपने को नए अध्याय की शुरुआत मिल सकती है।

SP_Singh AURGURU Editor