अखंड देशभक्ति और समाज सेवा का संदेश देता है शिवाजी महाराज का जीवन: शिव प्रकाश

आगरा। दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा आयोजित ‘जाड़ता राजा’ महानाट्य के पांचवें दिन का उद्घाटन भव्य रूप से हुआ। दीप प्रज्ज्वलन और मां तुलजा भवानी की आरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री और समाज के गणमान्य उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, उनके साहस, नीति और समाज सेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला।

Oct 8, 2025 - 22:21
 0
अखंड देशभक्ति और समाज सेवा का संदेश देता है शिवाजी महाराज का जीवन: शिव प्रकाश
जाणता राजा महानाट्य का बुधवार को उद्घाटन करने के बाद मंच पर अन्य अतिथियों के साथ मौजूद भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश।

मुख्य अतिथि शिव प्रकाश ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म 1630 में हुआ और उनका राज्याभिषेक 1674 में हुआ। माता जीजाबाई ने शिवाजी महाराज को बचपन से ही कर्तव्य, न्याय और समाज सेवा की शिक्षा दी। उनके समय में हिंदू समाज में शासक बनने का स्वप्न देखने की अनुमति नहीं थी, लेकिन माता जीजाबाई ने शिवाजी महाराज को ऐसे आदर्शों से तैयार किया कि वे आने वाले समय में इस देश के राक्षसी सल्तनत का नाश कर सके। समर्थ गुरु रामदास के मार्गदर्शन में शिवाजी महाराज ने अपने मित्रों और सैनिकों के साथ हिंदवी स्वराज्य की स्थापना की। उन्होंने उन समाजों के लोगों को साथ लिया, जिन्हें आज हम पिछड़ा, दलित या जनजाति समाज कहते हैं। उनके दल की विशेषता यह थी कि वे कभी नहीं बिकते, रुकते नहीं और बलिदान के लिए सदैव तैयार रहते थे।

उन्होंने कहा कि उनका शासन न्यायप्रिय था। उनके अधीन यदि कोई अन्याय करता, तो वे स्वयं दंड देने का काम करते। शिवाजी महाराज केवल सत्ता का उपभोग करने के लिए पैदा नहीं हुए थे, बल्कि उन्होंने देश और संस्कृति को एकत्रित करने, धर्म और समाज की सुरक्षा करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज हमें शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनकी नीति, साहस, समाज सेवा और देशभक्ति के आदर्श हमें हमारे कर्तव्यों के प्रति सजग और सक्रिय बनाते हैं। यह मंचन युवाओं और समाज के लिए यही संदेश लेकर आया है।

कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि शिवाजी महाराज का व्यक्तित्व संपूर्ण व्यक्तित्व का आदर्श है, जिसमें देशभक्ति, साहस और महिलाओं के प्रति सम्मान का संदेश निहित है। आगरा मेयर के मेरे कार्यकाल में वर्ष 2001 के दौरान महा नाट्य का मंचन यहां हुआ था। मेरा सौभाग्य है कि पुनः शिवाजी महाराज की अमर गाथा आगरा में गूंज रही है।

पूर्व मंत्री संजीव बालियान ने इस नाट्य मंचन को समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने और सेवा भावना को प्रेरित करने वाला बताया।

इस मौके पर मौजूद अन्य अतिथियों में ब्रज प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, जिलाधिकारी अरविंद मल्लपा बंगारी, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल राष्ट्रीय संगठन मंत्री गंगा समग्र रामाशीष, विधायक मनीषा अनुरागी, पूर्व विधायक एवं प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष मथुरा किशन चौधरी, अलौकिक उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष झांसी हेमंत परिहार, संस्थापक डॉ. आशीष गौतम, संजय चतुर्वेदी, सीए संजीव महेश्वरी, अभिनव मौर्य, ललित शर्मा, प्रमोद गुप्ता, श्याम भदौरिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संचालन जगदीश सिंह चौहान ने किया।

पंकज पाठक, मनीष थापक, मोनू दुबे, उज्जवल चौहान, राहुल जोशी, आशीष पाराशर, पंकज कटारा, दीप विनायक पटेल, अवधेश पंडित भट्टे वाले, आशीष यादव पृथ्वी, गोविन्द दुबे, जितेंद्र सिंह रिंकू, धीरेन्द्र, प्रशांत खरे, ध्रुव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor