फतेहाबाद हाइवे पर दिल दहला देने वाला हादसा: दंपति की मौत, दो परिजनों की हालत नाज़ुक

आगरा। आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ गया। टाटा कैंटर और इको गाड़ी की आमने-सामने भिड़ंत में खुर्जा निवासी दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भाई और साला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। यह हादसा न केवल परिजनों को बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो गया।

Oct 4, 2025 - 14:18
 0
फतेहाबाद हाइवे पर दिल दहला देने वाला हादसा: दंपति की मौत, दो परिजनों की हालत नाज़ुक
आगरा-फतेहाबाद रोड पर वाजिदपुर के पास बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे के बाद घटनास्थल की तस्वीरें।

रात लगभग एक बजे वाजिदपुर के पास यह हादसा हुआ। सामने से आ रहे टाटा कैंटर और इको गाड़ी की इतनी भीषण टक्कर हुई कि इको गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको गाड़ी का एक-एक पुर्जा सड़क पर बिखर गया और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंटर फतेहाबाद की ओर से और ईको आगरा की ओर से आ रही थी, जो तेज रफ्तार में टकरा गईं।

इस हादसे में खुर्जा, जिला बुलंदशहर निवासी सुभाष पुत्र वीरी सिंह और उनकी पत्नी रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुभाष का भाई सूरज पुत्र वीरी सिंह और साला उवाश पुत्र टीकाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए आगरा रैफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार मृतक सुभाष अपने भाई और साले के साथ पिता वीरी सिंह को लेने कांटर, राजाखेड़ा जा रहे थे। वीरी सिंह अपनी बेटी कुंती देवी के पास आए थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने पर बेटे उन्हें घर लाने निकले थे। किसे पता था कि यह सफर लौटकर न आएगा और परिवार पर ऐसा कहर टूट पड़ेगा।

टक्कर के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।

यह हादसा महज़ सड़क पर हुई टक्कर नहीं था, बल्कि एक परिवार की खुशियों को छीन ले गया। पति-पत्नी की मौत और दो परिजनों की गंभीर हालत ने रिश्तेदारों और गांववालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। वाजिदपुर का इस हादसा ने फिर एक बार तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की भयावह तस्वीर सामने रखी है।

SP_Singh AURGURU Editor