खेरागढ़ में दिल दहला देने वाला हादसा, तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल

आगरा। खेरागढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। खेरागढ़–सैंया मार्ग पर काली माता मंदिर के पास एक कार और बाइक की भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Dec 8, 2025 - 19:11
 0
खेरागढ़ में दिल दहला देने वाला हादसा, तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
कार से टक्कर के बाद सड़क पर घायल पड़ा रजत।

आगरा। खेरागढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। खेरागढ़–सैंया मार्ग पर काली माता मंदिर के पास एक कार और बाइक की भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार लगभग 30 वर्षीय रजत, निवासी भाकर गांव, अपनी पल्सर बाइक से सरेंधी स्थित अपनी फर्नीचर की दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान जगनेर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सामने से उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि रजत करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा और उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद कार बेकाबू होकर सड़क पर 180 डिग्री घूम गई, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में चालक के अलावा दो महिलाएं और दो दुधमुंहे बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि कार के एयरबैग समय पर खुलने के कारण सभी कार सवार सुरक्षित बच गए। वाहन जगनेर निवासी थान सिंह के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही खेरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल रजत को एम्बुलेंस से सीएचसी खेरागढ़ भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

हादसे ने क्षेत्र में रफ्तार का खौफ एक बार फिर बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज गति से दौड़ते वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।