श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविरः वृंदावन में चित्रों में बोल उठीं राधा–कृष्ण की 21 दिव्य लीलाएं

वृंदावन। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के तत्वावधान में गीता शोध संस्थान में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर–2025 में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रसिद्ध चित्रकारों ने अपनी तूलिकाओं से श्रीकृष्ण और राधा की 21 दिव्य लीलाओं को जीवंत कर दिया। रंग, भक्ति और ब्रज भावना का यह अद्भुत संगम श्रद्धा के साथ-साथ सृजनात्मकता का भी उत्सव बन गया।

Nov 3, 2025 - 18:41
 0
श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविरः वृंदावन में चित्रों में बोल उठीं राधा–कृष्ण की 21 दिव्य लीलाएं
गीता शोध संस्थान, वृंदावन में आयोजित श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर-2025 में कला और भक्ति की झलक प्रस्तुत करते देशभर से आए चित्रकार।

कला और भक्ति का संगम बने कलाकारों के चित्र

भुज (गुजरात) की अवनी पीयूष सोनी ने बांसुरी वादन लीला, मथुरा की प्रीति चौहान और प्रो. पूनम रानी (अलीगढ़) ने राधा की प्रतीक्षा, कमलेश्वर रासबिहारी (मथुरा) ने रासलीला की छटा, वहीं कंचन प्रकाश (ग्रेटर नोएडा) ने वज्जिका शैली में राधा–कृष्ण प्रेम को चित्रित किया।

अन्य कलाकारों सुमन डोंगरे (उज्जैन), अलका मनीष पाठक (सीहोर), अलका झा (इंदौर), नेहा (लखनऊ), डॉ. मनोज (आगरा), रिमी पोद्दार (ग्रेटर नोएडा), विनोद कुमार सिंह (लखनऊ), डॉ. कुमुद वाला (कानपुर), पूजा म्हात्रे (मुंबई), रीना सिंह (दिल्ली), डॉ. प्रिंस राज (मेरठ), डॊ. चित्रलेखा सिंह (आगरा)  ने अपनी कृतियों से कला और अध्यात्म का दिव्य समन्वय प्रस्तुत किया।

सम्मान समारोह में सजी सांस्कृतिक गरिमा

समापन अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह शिविर ब्रज की आत्मा और भारतीय कला के गौरव का जीवंत उदाहरण है।

इस अवसर पर डॉ. राजीव द्विवेदी (वृंदावन रिसर्च इंस्टीट्यूट), दिनेश खन्ना (गीता शोध संस्थान), डॉ. उमेश चंद्र शर्मा (ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ), चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार (कोऑर्डिनेटर) और दूरदर्शन के कार्यक्रम अधिकारी सत्यव्रत सिंह उपस्थित रहे।

महिला चित्रकारों का विशेष सम्मान

शिविर की कोऑर्डिनेटर व कथा प्रवक्ता सुश्री मोहिनी कृष्ण दासी ने महिला कलाकारों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मधु रितु सिंह और सोचना शर्मा ने विशेष योगदान दिया।

दूरदर्शन बनाएगा विशेष डॉक्यूमेंट्री

शिविर की सभी गतिविधियों का दूरदर्शन टीम ने फिल्मांकन किया। परिषद द्वारा इस आधार पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी, जिससे ब्रज संस्कृति की यह चित्रात्मक झांकी जन-जन तक पहुँचेगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय और डाक विभाग में सजेगी ब्रज कला

मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने घोषणा की कि शिविर की उत्कृष्ट पेंटिंग्स को मुख्यमंत्री कार्यालय एवं भारत सरकार के डाक विभाग में प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि अन्य श्रेष्ठ कृतियां विभिन्न सरकारी संस्थानों की दीवारों को ब्रज भक्ति के रंगों से सजाएंगी।

SP_Singh AURGURU Editor