श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को दान में मिला 10 किलो का ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

समाजसेवा और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश करते हुए श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को जनसेवा के लिए एक 10 किलोग्राम का ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान में प्राप्त हुआ है, जिससे गंभीर रूप से बीमार जरूरतमंद मरीजों को आपात स्थिति में घर पर ही जीवनदायी सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

Jan 29, 2026 - 19:55
 0
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को दान में मिला 10 किलो का ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को 10 किलोग्राम का ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान किये जाते समय मौजूद संस्था के पदाधिकारी और सदस्य।

आगरा। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी की सेवा गतिविधियों को और सशक्त बनाते हुए शहर के बाग मुजफ्फर खान निवासी समाजसेवी विनोद कुमार अग्रवाल ने एक 10 किलोग्राम का ऑक्सीजन कंसंट्रेटर कमेटी को जनसेवा के लिए भेंट किया। यह कंसंट्रेटर आज विद्युत मोक्ष धाम पर दान स्वरूप प्रदान किया गया, जहां दानदाता विनोद कुमार अग्रवाल अपनी धर्मपत्नी के साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओम टंडन की मौजूदगी में कंसंट्रेटर कमेटी को सौंपा गया।

कमेटी के महासचिव राजीव अग्रवाल ने बताया कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सेवा कमेटी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और जीवनरक्षक सेवा है। इसके अंतर्गत जरूरतमंद मरीजों को घर पर उपयोग के लिए यह कंसंट्रेटर मात्र रिफंडेबल सुरक्षा राशि पर 15 दिनों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है, ताकि आर्थिक कारणों से किसी भी मरीज को इलाज से वंचित न रहना पड़े।

उन्होंने बताया कि बीते समय में इस सेवा से अनेक परिवारों को आपात स्थितियों में बड़ी राहत मिली है और नए कंसंट्रेटर के जुड़ने से कमेटी की सेवा क्षमता और अधिक बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान सेवा, सहयोग और सामाजिक दायित्व पर भी चर्चा की गई तथा दानदाता के इस पुनीत कार्य की सराहना की गई।

इस अवसर पर कमेटी के उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग, कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल, प्रबंधक शिवकुमार गुप्ता के साथ मनोज शर्मा, संजीव कुमार गुप्ता, श्याम भोजवानी, माता प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में जनसेवा को सर्वोपरि बताते हुए ऐसे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

SP_Singh AURGURU Editor