501 पीतवस्त्रधारी महिलाओं की कलश यात्रा संग हुई श्रीराम कथा की शुरुआत, जय श्रीराम की गूंज
आगरा। कमला नगर में बुधवार को विश्व सनातन ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर 501 पीत वस्त्र धारण किए महिलाएं सिर पर कलश लेकर नगर परिक्रमा के लिए निकलीं।
यात्रा की शुरुआत सुभाष नगर चौराहा स्थित मंदिर से हुई और यह नटराजपुरम, शालीमार एंक्लेव और कमला नगर से होते हुए कथास्थल तक पहुंची। पूरे मार्ग में जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा। इसी बीच मानो इंद्रदेव भी प्रसन्न हो उठे और रिमझिम फुहारों से श्रद्धालुओं पर आशीर्वाद बरसाया।
कलश यात्रा का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने किया। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा भारतीय सनातन संस्कृति की अनमोल परंपरा है, जो समाज में भक्ति, एकता और धर्म की ज्योति जगाती है। महंत गोपी गुरु जी ने कलश यात्रा का आध्यात्मिक अर्थ समझाते हुए बताया—कलश का जल गंगा का प्रतीक है, नारियल उन्नति और शक्ति का प्रतीक है। आम्रपत्र हरियाली और समृद्धि का प्रतीक है।
कलश यात्रा के उपरांत कथा व्यास पं. भरत उपाध्याय ने प्रथम दिवस का प्रसंग सुनाते हुए श्रीराम कथा के महत्व का वर्णन किया। उन्होंने कहा, श्रीराम कथा आत्मा को निर्मल करती है और जीवन को धन्य बनाती है। यह केवल श्रवण नहीं, बल्कि भक्त को धर्म, भक्ति और ज्ञान से जोड़ने का साधन है।
कथा व्यास ने बताया कि गुरुवार को कथा में माता पार्वती की तपस्या और शिव-पार्वती विवाह का दिव्य प्रसंग सुनाया जाएगा। मुख्य यजमान आकाश एवं रेखा शर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करें।
कलश यात्रा के दौरान पार्षद कंचन बंसल, गिर्राज बंसल, सरपंच राज रामकुमार शर्मा, बीना अग्रवाल, लालू जादौन, श्याम उपाध्याय, राघव उपाध्याय, कुमकुम उपाध्याय, बॉबी, नीतू, इंदु विज, कालीचरण वैद्य, दीपेश उपाध्याय, पूजा, रचना, अंजू गर्ग, लवी सहित श्रीराम समिति की पूरी टीम उपस्थित रही।