जय श्रीराम से गुंजायमान हुआ श्रीमनकामेश्वर श्रीरामलीला महोत्सव, नारद मोह लीला हुई
आगरा। गढ़ी ईश्वरा, शमसाबाद स्थित श्री मनकामेश्वर बाल विद्यालय और गोशाला प्रांगण रविवार को भक्ति-रस में सराबोर हो उठा, जब बाबा श्रीमनकामेश्वर श्रीरामलीला महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ यज्ञ-हवन और दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो गया।
मध्यप्रदेश से आए पांच आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। संध्याकालीन कार्यक्रम का प्रारंभ लक्ष्मी-नारायण जी स्वरूप की आरती से हुआ। इसके पश्चात वृंदावन की प्रसिद्ध किशोरी रासलीला मंडली ने नारद मोह लीला का मंचन किया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और उपस्थित जनसमूह भक्तिरस में डूब गया।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि महोत्सव प्रतिदिन प्रातः यज्ञ एवं दुर्गा सप्तशती पाठ से शुरू होगा और संध्याकाल में श्रृंगार-पूजन, रुद्राभिषेक व रासलीला मंचन के साथ दिव्य अनुभव प्रदान करेगा। महंत योगेश पुरी ने कहा कि रामलीला महोत्सव का उद्देश्य केवल भगवान और भक्त के बीच सीधा संबंध स्थापित करना है। यहां हर जाति-धर्म का स्वागत है। मंगलवार को श्री राम जन्म लीला का मंचन होगा।
इस अवसर पर लक्ष्मीकांत राजावत, अमर गुप्ता, सुधीर यादव, एमजीएल गोस्वामी आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
26 सितम्बर को निकलेगी भव्य राम बरात
महोत्सव का विशेष आकर्षण 26 सितम्बर को निकाली जाने वाली भव्य श्रीराम बारात होगी, जिसमें 24 से अधिक झाँकियां शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त इंटरनेशनल ताइक्वांडो मास्टर पंकज शर्मा के निर्देशन में बालिकाएं नारी सशक्तिकरण का संदेश देती प्रस्तुतियां करेंगी।