VIDEO NEWS : अपने बीच बैनर, पोस्टर लिए डॉक्टरों को खड़ा देख चौंके लोग, थोड़ी देर बाद बोले थैंक्यू आपने आंखें खोल दीं, देखें वीडियो
आगरा। सुबह—सवेरे पार्क में हाथों में बैनर—पोस्टर लिए डॉक्टरों को देख आम नागरिक चौंक गए। कईयों ने अपने फैमिली डॉक्टर को पहचान लिया तो कई समझने की कोशिश करते दिखे कि आखिर हो क्या रहा है ? इतने डॉक्टर एक साथ क्यों आए हैं। जैसे ही डॉक्टरों ने समझाना शुरू किया स्थिति स्पष्ट हो गई। डॉक्टर कैंसर के खिलाफ जागरूकता फैला रहे थे।
आज कैंसर जागरूकता दिवस पर तड़के आईएमए की शाखा सिकंदरा बोदला डॉक्टर्स एसोसिएशन के चिकित्सकों ने सेंट्रल पार्क सेक्टर दो, आवास विकास कॉलोनी में सैकड़ों लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया। आईएमए के अध्यक्ष निर्वाचित डा. पंकज नगायच ने बताया कि लगभग 15 चिकित्सक सुबह से पोस्टर ,बैनर लेकर पार्क पहुंच लोगों को जागरूक करने लगे। डा. अनूप दीक्षित आईएमए अध्यक्ष ने तंबाकू, शराब आदि नशों से होने वाले शरीर पर दुष्प्रभावों को बताया। मुंह के कैंसर से लेकर पैरों की नसों का सिकुड़ना सब तंबाकू कर सकती है।
सिकंदरा बोदला डॉक्टर्स एसोसिएशन कीं अध्यक्ष डा. संध्या जैन ने कहा कि यदि कैंसर को उचित जांचों के द्वारा शुरुआत में ही पकड़ लिया जाए तो कैंसर से लड़ा जा सकता है। उन्होंने आगाह किया की जांचें क्वालीफाइड लैब पर ही करानी चाहिए।
डा. अरुण जैन ने बच्चों में होने वाली मालिगनेंसी के बारे में जनता को जागरूक किया। उपाध्यक्ष डा. योगेश सिंघल ने पोस्टर के माध्यम से मुंह के कैंसर की अवस्थाओं को बताया। उपाध्यक्ष डा. सीमा सिंह ने बताया कि अब महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए टीका उपलब्ध है जो कि 9 वर्ष से लगाया जा सकता है। चिकित्सकों की सलाह लेकर लड़कियों को इसे लगवाना चाहिए। सचिव डा. निधि दीक्षित ने स्तन में होने वाली गांठ को पकड़ने के लिए स्व. परीक्षण के बारे में बताया एवं गांठ की जांच मैमोग्राफी, अल्ट्रासाउंड, एफएनएसी की जांच के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कैंसर बम के समान है फटने यानी फैलने से पहले ही शुरुआती अवस्था में पकड़ लो तो इससे लड़ाई संभव है।
वरिष्ठ फिजिशियन डा प्रह्लाद गर्ग ने स्वस्थ जीवन शैली को समझाकर बताया कि कैसे कैंसर से बचा जा सकता है।डा. अंजना, डा. मुकेश एवं अन्य चिकित्सकों ने भी जनता को जागरूक किया। रोटरी क्लब ऑफ आगरा नियो ने भी शिविर में भाग लिया। नियो के अध्यक्ष डा डोनेरिया, सचिव यतीश एवं अन्य रोटेरियंस की भी सहभागिता रही।