चांदी लूट कांड का पर्दाफाश: पुलिस मुठभेड़ में एक लुटेरा ढेर, दूसरा घायल, 75 किलो चांदी भी बरामद
मथुरा के फरह क्षेत्र में व्यापारी भाइयों से 75 किलो चांदी लूटने वाले दो लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से एक बदमाश नीरज मारा गया जबकि दूसरा राहुल घायल हुआ। पुलिस ने लूटी गई पूरी चांदी बोलेरो गाड़ी से बरामद कर ली है। लूट 29 जुलाई को हिंदुस्तान कॉलेज के पास हाईवे पर हुई थी। दोनों व्यापारी आगरा से मथुरा लौट रहे थे।
आगरा/मथुरा। फरह थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान कॊलेज के नजदीक सरेशाम हाईवे पर व्यापारियों से 75 किलो लूटने का दुस्साहस करने वाले दो बदमाशों में से एक पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया है जबकि दूसरा गोली लगने से घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने व्यापारी भाइयों से लूटी गई 75 किलोग्राम चांदी भी बरामद कर ली है।
मथुरा पुलिस और लुटेरों के बीच यह मुठभेड़ बीत रात फरह थाना क्षेत्र में ही आगरा-मथुरा के बॊर्डर रैपुरा जाट के समीप हुई। विगत 29 जुलाई को लूट की वारदात होने के बाद से ही पुलिस इन लुटेरों की सुरागकशी कर रही थी। एक मुखबिर की सूचना पर इन दोनों लुटेरों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने रैपुरा जाट के समीप मोर्चाबंदी कर रखी थी। मुखबिर द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर हाईवे पर आती एक बोलेरो गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। गाड़ी रुकने के बजाय और स्पीड से दौड़ने लगी। साथ ही पुलिस टीम पर फायरिंग भी की जाने लगी।
पुलिस ने पीछा और घेराबंदी की और जवाबी फायरिंग की तो गाड़ी में सवार नीरज और राहुल पुलिस की गोली लगने से घायल हो गये। पुलिस इन दोनों को तत्काल आगरा के एसएन अस्पताल लेकर पहुंची, जहां नीरज को मृत घोषित कर दिया गया जबकि राहुल को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि इन्हीं बदमाशों ने विगत 29 जुलाई को आगरा से चांदी लेकर मथुरा जा रहे दो व्यापारी भाइयों को हिंदुस्तान कॊलेज के समीप हाईवे पर लूटा था। बदमाशों ने ओवरटेक कर व्यापारी भाइयों की गाड़ी रोकी और हथियारों की नोक पर गाड़ी में रखी 75 किलो चांदी लूटी और फिर दोनों भाइयों को अपने साथ गाड़ी में डाल लिया और भाग निकले। बदमाश व्यापारी भाइयों की गाड़ी के चालक शब्बीर का मोबाइल तोड़ने के साथ गाड़ी की चाबी भी निकाल ले गए थे। बाद में कुछ दूरी पर जाकर दोनों व्यापारी भाइयों को उनके मोबाइल तोड़कर सड़क पर पटक दिया था।
इस घटना की सूचना व्यापारी भाइयों के चालक ने एक राहगीर के फोन से पुलिस को दी थी। इसके बाद से ही पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। बीती रात लुटेरों की पुलिस से मुठभेड़ में एक मारा गया जबकि दूसरा अस्पताल में भर्ती है। दोनों लुटेरे आगरा के बताए जा रहे हैं।
जिस बोलेरो में बदमाश नीरज और राहुल सवार थे, उसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें से लूटी गई 75 किलोग्राम चांदी भी बरामद हो गई है।
जिन व्यापारी भाइयों के साथ चांदी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था, वे मथुरा निवासी हरिओम सोनी के पुत्र कन्हैया और गौरव हैं। हरिओम सोनी का मथुरा के अलावा आगरा की नमक की मंडी में भी चांदी का कारोबार है। दोनों भाई नमक की मंडी स्थित दुकान से ही 75 किलो चांदी लेकर मथुरा लौट रहे थे।