आगरा के फव्वारा दवा मार्केट में ड्रग विभाग के चार मेडिकल स्टोर पर एक साथ छापे, खलबली

आगरा। फव्वारा क्षेत्र स्थित दवा बाजार में शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्थानीय पुलिस और लखनऊ से आई ड्रग विभाग की विशेष टीमों ने एक साथ चार दुकानों पर छापेमारी कर दी। अचानक हुई कार्रवाई से दवा बाजार में खलबली मच गई और कई दुकानदारों ने घबराकर शटर गिरा दिए, जबकि कुछ मौके से खिसक लिए।

Aug 22, 2025 - 22:09
 0
आगरा के फव्वारा दवा मार्केट में ड्रग विभाग के चार मेडिकल स्टोर पर एक साथ छापे, खलबली

मिली जानकारी के अनुसार, छापेमारी की गई दुकानों में हेमा मेडिकल, बंसल मेडिकल, जीएलएस और नोर मेडिकोज शामिल हैं। छापे की कार्रवाई में स्थानीय ड्रग विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ लखनऊ की एनफोर्समेंट टीमें भी मौजूद रहीं। बताया जा रहा है कि टीमों को सहयोग देने के लिए एसओजी और एसटीएफ की यूनिट भी मौके पर पहुंची थी।

फिलहाल छापेमारी के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। अधिकारी अभी जांच में जुटे हैं और इस बारे में कोई भी आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। यह भी पता नहीं चल पाया है कि छापेमारी के दौरान टीमों के हाथ क्या कुछ लगा है।

दवा बाजार में हुई इस कार्रवाई ने मेडिकल व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। छापेमारी के बाद से बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor