बरेली में कुट्टू की कचौड़ी खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, आटे में मिलावट की आशंका पर प्रशासन का एक्शन, किराना स्टोर सील

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। नवरात्र व्रत के दौरान बरेली में कुट्टू के आटे से बनी कचौड़ी खाना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। थाना सुभाष नगर क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी में एक ही परिवार के छह लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित किराना स्टोर को सील कर दिया।

Mar 20, 2026 - 22:09
 0
बरेली में कुट्टू की कचौड़ी खाने से एक ही परिवार के 6 लोग बीमार, आटे में मिलावट की आशंका पर प्रशासन का एक्शन, किराना स्टोर सील
बरेली के अस्पताल में उपचाररत कुट्टू के आटे की कचौड़ी खाने के बाद बीमार हुए लोग।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगानगर कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय भगवान दास ने पड़ोसी प्रेमपाल की किराना दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा था। इस आटे से बनी कचौड़ी खाने के करीब डेढ़ घंटे बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बीमार होने वालों में भगवान दास, उनकी पत्नी अखिलेशा, बेटा हिमांशु (18), वीर (5), पुत्री अनुष्का (13) और भतीजा सुखदीप (18) पुत्र रूपराम शामिल हैं।

परिजनों ने सभी को तत्काल जिला अस्पताल बरेली में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों को अलग-अलग वार्डों में रखा गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। टीम ने प्रेमपाल के किराना स्टोर से कुट्टू आटे के सैंपल लिए और दुकान को तत्काल सील कर दिया। अधिकारी ने बताया कि सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले भर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विशेष रूप से कुट्टू, सिंघाड़ा और मूंगफली जैसे व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor