बटेश्वर में लगेगी अटल जी की 65 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा -
आगरा। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक गांव बटेश्वर में उनकी 65 ऊंची विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए लोकसभा में आवाज उठा चुके क्षेत्रीय सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार चाहर के प्रयास रंग ला चुके हैं। केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर इसके लिए सहमति बन चुकी है।
-सांसद राज कुमार चाहर ने पिछले साल लोकसभा में की थी इसकी मांग
-केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार के स्तर से भी बन चुकी है सहमति
फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बटेश्वर धाम प्रसिद्ध तीर्थस्थल तो है ही, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव भी है। इसी भूमि पर अटल जी की विशाल भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी जो कि 65 से 70 फुट ऊंची होगी। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को वे पर्यटन अधिकारियों के साथ बटेश्वर का दौरा कर वह स्थान चिह्नित करेंगे जहां अटल जी की प्रतिमा स्थापि हो सके।
सांसद चाहर ने कहा कि पिछले वर्ष उन्होंने लोकसभा में शून्यकाल में भी यह मुद्दा उठाकर बटेश्वर में अटल जी की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की मांग की थी। पिछले दिनों जब उन्हें पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय का सदस्य बनाया गया था, तब भी उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से इसी मुद्दे पर बात की थी। प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भी बटेश्वर में अटल जी की प्रतिमा के लिए सहमति जता दी है।
सांसद चाहर ने कहा कि पिछले दिनों बटेश्वर के विकास के लिए उनके प्रस्ताव पर केंद्र सरकार 86 करोड़ रुपये स्वीकृत कर चुका है। सांसद ने कहा है कि उन्होंने जो सपना बटेश्वर को धार्मिक के साथ पर्यटन नगरी बनाने का देखा है, उसके लिए किए जा रहे प्रयास फलीभूत हो रहे हैं। बटेश्वर के सम्पूर्ण विकास के लिये वे दृढ़ संकल्प हैं। केंद्र सरकार ही नहीं, प्रदेश सरकार की वरीयता में भी बटेश्वर है। न केवल समूचे देश में अपितु दुनिया में भी बटेश्वर की पहचान बनेगी।