आगरा में स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का शुभारंभ, आत्मविश्वास और सुरक्षा के गुर सीख रहीं बालिकाएं
आगरा। जैन समाज की किशोर बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से भारतीय जैन संघटना, आगरा द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का शनिवार को कमला नगर स्थित संत निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में विधिवत शुभारंभ हुआ। 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की चयनित 35 बालिकाएं इस निःशुल्क कार्यशाला में सहभागिता कर रही हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जैन संघटना उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष रोहित जैन अहिंसा एवं प्रदेश सचिव सुरेंद्र कुमार जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन सत्र में आयोजकों ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा-बोध, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक सोच का विकास करना है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर, सशक्त और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यशाला के पहले दिन विशेष प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया गया। दिल्ली से पधारे प्रशिक्षक हेमंत जैन एवं पलक जैन ने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास विषय पर प्रशिक्षण देते हुए सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण, स्वयं की पहचान, प्रभावी संवाद कौशल तथा व्यवहारिक जीवन में इन गुणों के प्रयोग पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
साथ ही सुरक्षा, स्व-संरक्षण एवं आत्मरक्षा से संबंधित सत्र में बालिकाओं को दैनिक जीवन में सतर्कता, सुरक्षित व्यवहार, सोशल परिवेश में सजग रहने तथा आपात परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने उदाहरणों के माध्यम से बालिकाओं को आत्मरक्षा के महत्व को समझाया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला के दूसरे दिन स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, मानसिक सशक्तिकरण और जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष कक्षाएं आयोजित होंगी। इसके अंतर्गत निर्णय क्षमता, आत्मनिर्भरता, समय प्रबंधन और व्यवहारिक जीवन कौशल पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। समापन अवसर पर प्रतिभागी बालिकाएं अपने अनुभव साझा करेंगी तथा कार्यशाला पूर्ण करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीए सुरेश जैन उपस्थित रहे। साथ ही भारतीय जैन संघटना के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, शहर अध्यक्ष अंकुश जैन, अंकेश जैन, अनिल जैन, नरेश जैन, शुभम जैन सहित संघटना के अनेक सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।