आत्मविश्वास, संवाद और नेतृत्व की सीख से सजी ‘स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप’, आगरा में हुआ समापन

आगरा। कमला नगर स्थित संत निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में भारतीय जैन संघटना (बीजेएस) द्वारा आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का रविवार को उत्साहपूर्ण और प्रेरक वातावरण में भव्य समापन हुआ। 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को समर्पित इस कार्यशाला ने प्रतिभागियों के भीतर आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल और सकारात्मक सोच को नई दिशा दी।

Dec 28, 2025 - 20:07
 0
आत्मविश्वास, संवाद और नेतृत्व की सीख से सजी ‘स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप’, आगरा में हुआ समापन
भारतीय जैन संघटना की स्मार्ट गर्ल वर्कशॊप के रविवार को हुए समापन समारोह की एक झलक।

कार्यशाला के दूसरे दिन दिल्ली से पधारी प्रशिक्षिकाओं हेमंत जैन एवं पलक जैन ने आत्मविश्वास निर्माण, प्रभावी संवाद, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तिगत सुरक्षा, मानसिक मजबूती तथा जीवन में सही निर्णय लेने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। इंटरएक्टिव सत्रों, समूह चर्चाओं और गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं ने खुलकर अपने विचार व्यक्त किए और आत्म-विश्लेषण के साथ नई सोच विकसित की।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष अभिभावक सत्र में माता-पिता को बेटियों के भावनात्मक सहयोग, सकारात्मक संवाद और उनके सपनों को प्रोत्साहित करने की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस सत्र ने अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारियों को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्रदान किया।

समापन अवसर पर आयोजकों ने कहा कि स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप भविष्य की सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक नारी के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बालिकाओं को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मुकेश जैन ओसवाल (संरक्षक), मनोज जैन बांकलीवाल, सुरेन्द्र कुमार जैन (राज्य महामंत्री), अंकेश जैन (राज्य चेयरपर्सन), शरद जैन चौरडिया, शैलेन्द्र जैन, अंकुश जैन, मंसुख जैन, विनोद जैन हार्डवेयर, अनिल जैन रईस, नरेश लुहाड़िया सहित भारतीय जैन संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor