भाजपा नेता पर हमले का मुख्य आरोपी सोहेल अभी पकड़ से बाहर, पुलिस की छापेमारी जारी
आगरा। बीती रात हरीपर्वत थाना क्षेत्र में शाह मार्केट के पास भाजपा नेता सुमित दिवाकर पर गोली चलाकर सनसनी फैलाने वाले मुख्य आरोपी सोहेल की तलाश में पुलिस की कई टीमों ने रातभर छापेमारी की। आरोपी अभी भी फरार है। डीसीपी सिटी सनम कुमार के अनुसार, शाह मार्केट में हुए हमले को लेकर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, सुमित दिवाकर ने जिन तीन युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है, उनमें एक की पहचान सोहेल के रूप में की गई है। उसकी लोकेशन ट्रेस करने के लिए सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है।
वहीं घटना के बाद भाजपा नेताओं में गुस्सा है। कई नेता जिला अस्पताल पहुंचे और सुमित दिवाकर का हालचाल जाना। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सोहेल का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल जानकारी यही सामने आ रही है कि सोहेल और सुमित दिवाकर के बीच किसी पुराने मामले को लेकर विवाद है। अमित दिवाकर पर उस समय गोली चलाई गई थी जब वे शाह मार्केट के पास एक ठेल पर अंडा खाने गये हुए थे। गोली सुमित के कान को रगड़ते हुए निकली। सुमित का पुलिस ने मेडिकल कराया है। सरशाम शाह मार्केट जैसे व्यस्त इलाके में फायरिंग से सनसनी फैल गई थी।