ड्यूटी के दौरान सिपाही की सांस थमी: फर्ज़ निभाते-निभाते अशोक परिहार चले गए, आगरा के पडुआपुरा गांव में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
आगरा। मथुरा में ड्यूटी के दौरान अचानक हृदय गति रुकने से सिपाही अशोक परिहार (35) की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मूल रूप से आगरा जनपद के पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र के गांव पडुआपुरा निवासी अशोक परिहार वर्तमान में कुर्रा थाना, जनपद मैनपुरी में तैनात थे और मथुरा में विशेष ड्यूटी पर भेजे गए थे।
ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर साथियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हृदय गति रुक जाने से मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि अशोक परिहार ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सामान्य थे, लेकिन अचानक तबीयत खराब होने पर उनकी स्थिति गंभीर हो गई।
अशोक परिहार की पार्थिव देह शनिवार को उनके पैतृक गांव फगुआपुरा (पडुआपुरा) पहुंची तो माहौल गमगीन हो गया। परिजन, ग्रामीण और पुलिस विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरा गांव अशोक अमर रहें के नारों से गूंज उठा।
पुलिस सम्मान के साथ सिपाही को अंतिम विदाई दी गई। गार्ड ऑफ ऑनर के बीच सिपाही की सलामी दी गई और नम आंखों से अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि अशोक परिहार बेहद शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ सिपाही थे। घर में उनकी अचानक मौत से पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने सरकार से परिवार को उचित आर्थिक सहायता और आश्रित को नौकरी देने की मांग उठाई है।