एसएन मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्था पर सपा का हल्ला बोल, मंडलायुक्त कार्यालय की ओर बढञते सपाइयों को पुलिस ने रोका, सपा शहर अध्य़क्ष के नेतृत्व में सड़क पर ही धरना और प्रदर्शन, न्यायिक जांच की मांग, सात दिन का अल्टीमेटम

आगरा। एस.एन. मेडिकल कॉलेज एवं सरकारी अस्पतालों में भ्रष्टाचार, मरीजों के कथित शोषण, दलालों के सक्रिय नेटवर्क और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला कार्यालय से मंडलायुक्त कार्यालय की ओर पैदल मार्च के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

Sep 8, 2026 - 17:16
 0
एसएन मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्था पर सपा का हल्ला बोल, मंडलायुक्त कार्यालय की ओर बढञते सपाइयों को पुलिस ने रोका, सपा शहर अध्य़क्ष के नेतृत्व में सड़क पर ही धरना और प्रदर्शन, न्यायिक जांच की मांग, सात दिन का अल्टीमेटम
एसएन मेडिकल कॊलेज में बदहाली के विरोध में प्रदर्शन के लिए सपा कार्यालय से बाहर निकलने सपाजनों को पुलिस ने रोक लिया। इसी दौरान शहर अध्य़क्ष शब्बीर अब्बास से बात करते पुलिस अधिकारी।

बाद में पुलिस अधिकारियों से वार्ता के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी ताज सुरक्षा को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें एस.एन. मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार, मरीजों के शोषण, सुरक्षा लापरवाही और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

दो से तीन महीने बाद मिल रही अल्ट्रासाउंड की तारीख

शब्बीर अब्बास ने कहा कि वर्ष 1854 में स्थापित एस.एन. मेडिकल कॉलेज आगरा मंडल सहित लगभग दो करोड़ लोगों के लिए प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन गरीब और असहाय मरीजों को इलाज के नाम पर कथित शोषण और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अल्ट्रासाउंड के लिए दो से तीन महीने बाद की तारीख दी जा रही है, जबकि गंभीर मरीजों को सीटी स्कैन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। प्रसूति वार्ड में भी आवश्यक सुविधाओं के अभाव और दवाइयों व सामान के नाम पर बाहर से हजारों रुपये खर्च कराने का आरोप लगाया।

दलालों और मेडिकल स्टोर नेटवर्क पर आरोप

सपा ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में मेडिकल स्टोर संचालकों और दलालों का नेटवर्क सक्रिय है, जो मरीजों को निजी मेडिकल स्टोरों पर भेजकर आर्थिक शोषण करता है। तय शुल्क से अधिक पार्किंग वसूली, खराब साफ-सफाई, पेयजल व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी और जर्जर भवनों की अनदेखी पर भी सवाल उठाए गए।

न्यायिक जांच समेत पांच मांगें

सपा ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच, दलालों, मेडिकल स्टोर संचालकों, अवैध पार्किंग वसूली में शामिल लोगों और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर एफआईआर व निलंबन, जर्जर भवनों का सुरक्षा ऑडिट, अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन की व्यवस्था बढ़ाकर 24 घंटे में रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा अस्पताल को दलाल-मुक्त बनाने के लिए सीसीटीवी, हेल्पलाइन और शिकायत काउंटर शुरू करने की मांग की।

सात दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन

शब्बीर अब्बास ने चेतावनी दी कि सात दिनों में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो सपा मरीजों, उनके परिजनों और आम जनता के साथ एस.एन. मेडिकल कॉलेज पर विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी तथा जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

SP_Singh AURGURU Editor