कार्यभार ग्रहण करने निकले सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की जीवनी मंडी से पार्टी कार्यालय तक जगह-जगह स्वागत

आगरा। समाजवादी पार्टी, आगरा महानगर के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के सम्मान में तयशुदा कार्यक्रम के तहत भव्य स्वागत समारोह एवं कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे शहर में समाजवादी एकजुटता का संदेश गूंजता रहा।

Dec 29, 2025 - 14:41
 0
कार्यभार ग्रहण करने निकले सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की जीवनी मंडी से पार्टी कार्यालय तक जगह-जगह स्वागत
स्वागत यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास।

कार्यक्रम के अंतर्गत समाजवादी पार्टी कार्यालय से जीवनी मंडी तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूलों की वर्षा कर नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास का गर्मजोशी से स्वागत किया।

वेदांत मंदिर, यमुना किनारा पर आगरा दक्षिण के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल के नेतृत्व में वैश्य समाज द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात पुरानी मंडी चौराहा पर समाजवादी नेता नितिन कोहली के नेतृत्व में सिख समाज के लोगों ने पगड़ी पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

ताजगंज स्थित सागा एम्पोरियम के पास पूर्व प्रत्याशी श्रीमती ममता टपलू के नेतृत्व में जोरदार स्वागत हुआ। वहीं मीडिया प्रभारी पवन प्रजापति ने अपने समाज के साथ फूल-मालाओं से सम्मान किया।

छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव के नेतृत्व में बैंड-बाजे के साथ जोशीला स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की सशक्त आवाज है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नीतियों तथा उनके कार्यकाल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को घर-घर तक पहुँचाना प्राथमिकता रहेगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना लक्ष्य है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गली-गली, घर-घर जाकर माननीय अखिलेश यादव का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता को जागरूक करें। शब्बीर अब्बास ने स्पष्ट किया कि संगठन में वरिष्ठ, अनुभवी और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को सम्मानपूर्वक जोड़ा जाएगा तथा पात्रता के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

अंत में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में आगरा शहर की तीनों विधानसभा सीटें जीतकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के हाथों को मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पंडित पुष्पेंद्र शर्मा, राजपाल यादव, फर्रुखसियर, कबीर कुरैशी, चौधरी फरहान, राघवेंद्र यादव, वीरेंद्र सिंह चौहान, अफरोज खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor