राजा मंडी में व्यापारियों से मारपीट पर भड़की सपा, अतिक्रमण हटाओ, लेकिन अभद्रता बर्दाश्त नहीं

आगरा। राजा मंडी बाजार में अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर निगम कर्मचारियों पर व्यापारियों से मारपीट, गाली-गलौज और दुकानों का सामान तोड़ने के आरोप लगे हैं। गुरुवार को सपा के पूर्व आगरा दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल और समाजवादी व्यापार सभा के महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बाजार पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

Nov 26, 2026 - 21:01
 0
राजा मंडी में व्यापारियों से मारपीट पर भड़की सपा, अतिक्रमण हटाओ, लेकिन अभद्रता बर्दाश्त नहीं
राजामंडी बाजार के व्यापारियों से बातचीत करते सपा नेता विनय अग्रवाल।

प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक जसवानी, महामंत्री नरेंद्र अमरनानी, संजय जैन, वासु वासवानी, अशोक टेकचंदानी, पदम जैसवानी और नामित जैसवानी से बातचीत की। कथित मारपीट के शिकार साड़ी व्यवसायी हरिकिशन गुप्ता से भी मुलाकात की।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि 25 नवंबर को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों ने अभद्रता और मारपीट की। 12 से 15 फीट ऊंचाई पर लगे बिजली के बल्ब और दुकान के बोर्ड तोड़ने तथा महंगे बल्ब अपने साथ ले जाने का आरोप भी लगाया। अशोक जसवानी और नरेंद्र अमरनानी ने कहा कि कार्रवाई से पहले व्यापारी कमेटी से वार्ता और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार नोटिस दिया जाना चाहिए।

विनय अग्रवाल ने कहा कि सपा अतिक्रमण के खिलाफ है, लेकिन व्यापारियों के साथ मारपीट और अभद्रता बर्दाश्त नहीं होगी। व्यापारी और सरकार एक-दूसरे के पूरक हैं। समस्याओं का समाधान टकराव से नहीं, संवाद और सहयोग से होना चाहिए।

सोमेश गुप्ता ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सतीश चाहर ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं देना भी है। राहुल चतुर्वेदी ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई और निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। पूर्व पार्षद राहुल चौधरी ने खुले नाले ढकने, ऊंची पुलियाएं सुरक्षित करने, सफाई, पार्किंग और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था की मांग की।

27नवंबर को नगर आयुक्त से मुलाकात

प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार सुबह 11:30 बजे नगर आयुक्त से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। इसमें मारपीट के आरोपों की जांच, दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई, बाजार की मूलभूत सुविधाओं में सुधार और अतिक्रमण कार्रवाई से पहले व्यापारियों से वार्ता की मांग की जाएगी।

इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता लिली गोयल, सचिन गुप्ता, दयाराम गुप्ता, राजकुमार वर्मा, विनीत यादव और हिमांशु यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor