आगरा में संगठन को जमीनी स्तर पर ले जाएगी सपा, 100 वार्डों में जनसंपर्क का रोडमैप तैयार
आगरा। समाजवादी पार्टी ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया है। इसी क्रम में जनसंकल्प संवाद 2026 – आगरा” के तहत पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक फतेहाबाद रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह एवं महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने की। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क अभियानों और आगामी रणनीति पर गहन मंथन हुआ।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और जनसंकल्प संवाद 2026 के अंतर्गत आगरा महानगर में प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय करना रहा। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में उपस्थित रहे, जिससे संगठनात्मक उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने बैठक को संबोधित करते हुए घोषणा की कि आने वाले समय में आगरा महानगर के सभी 100 वार्डों में चरणबद्ध जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से जनता की समस्याओं को सीधे सुना जाएगा और उन्हें संघर्ष के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को अनुशासित, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह ने कहा कि जिला और महानगर संगठन आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती ही समाजवादी पार्टी को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी और यही आगामी सफलता की कुंजी है।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं- आगरा महानगर के सभी 100 वार्डों में चरणबद्ध जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने हेतु स्पष्ट जिम्मेदारियाँ तय होंगी। नए एवं युवा कार्यकर्ताओं के लिए नियमित प्रशिक्षण बैठकों का आयोजन किया जाएगा। जनता से जुड़े मुद्दों पर प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय हस्तक्षेप किया जाएगा। संगठनात्मक बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जितेन्द्र वाल्मीकि, जमील सिद्दीकी, पूनम वाल्मीकि, साहिल सिंह, कादिर कुरैशी, नितिन कोहली, रसीद मेब, इकबाल, रमेश यादव, देवेन्द्र यादव, मुबीन उस्मानी, कासिफ अली शाह पठान, सुलेखा श्रीवास्तव, प्रियंका चौहान, बलविंदर सिंह, राजीव सविता, विनोद सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।