श्री कृष्ण गौशाला में गौ पूजन के साथ विशेष भोग, भक्ति से गूंजा परिसर

शाहगंज स्थित श्री कृष्ण गौशाला में श्री कृष्ण गौशाला कमेटी द्वारा एक अनोखा आयोजन हुआ, जिसमें विशेष भोग साक्षात गौ माता को समर्पित किया गया। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गौ पूजन कर गौ सेवा और संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में हजारों गायों को विविध पौष्टिक आहार अर्पित किए गए।

Jan 30, 2026 - 18:59
 0
श्री कृष्ण गौशाला में गौ पूजन के साथ विशेष भोग, भक्ति से गूंजा परिसर
गौ सेवा करते कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गौ पूजन कर दिया गौ संरक्षण का संदेश, सैकड़ों गौ सेवकों संग की गौ सेवा

आगरा। श्री कृष्ण गौशाला कमेटी द्वारा शाहगंज स्थित गौशाला में एक अनोखी और भावनात्मक पहल देखने को मिली, जहाँ भगवान के दरबार की परंपरा से हटकर विशेष भोग साक्षात गौ माता को समर्पित किया गया। इस दिव्य आयोजन में भक्तों ने स्वयं प्रसाद ग्रहण करने के बजाय गौ माता को भोग अर्पित कर गौ सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सैकड़ों गौ सेवकों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौ माता के चरण वंदन, तिलक पूजन और आरती कर विशेष भोग समर्पित किया। गौशाला में रहने वाली हजारों गायों को अंकुरित अनाज, ड्राई फ्रूट्स, पेठा, दलिया, विभिन्न दालें, फल और हरी सब्जियां अर्पित की गईं।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः भोग भगवान को लगाकर भक्त स्वयं प्रसाद ग्रहण करते हैं, लेकिन यह आयोजन इसलिए विशेष है क्योंकि यह भोग स्वयं गौ माता ने ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि योगी सरकार गौ सेवा और गौ रक्षा के लिए संकल्पित है तथा प्रदेश के प्रत्येक जिले में गौ संवर्धन के उद्देश्य से कान्हा गौशालाओं की स्थापना की जा रही है।

श्री कृष्ण गौशाला कमेटी के अध्यक्ष गिरधारी लाल भक्तयानी ने बताया कि इस विशेष भोग में 10 प्रकार के अनाज, 20 प्रकार की सब्जियां, 8 प्रकार के फल, विभिन्न दालें, गुड़, चना और मिठाइयाँ शामिल रहीं। आयोजन के दौरान समिति की ओर से कैबिनेट मंत्री को गौ माता का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

गौ पूजन के दौरान गौशाला परिसर “गोविंद हरे गोपाल हरे” जैसे भजनों से गूंज उठा। उपस्थित सभी लोगों ने गौ सेवा और गौ संवर्धन की शपथ ली तथा जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में सभी ने प्रसादी ग्रहण कर गौ माता के संरक्षण की कामना की।

इनकी रही मौजूदगी

श्री कृष्ण गौशाला शाहगंज  में आयोजित दिव्य   भोग के दौरान कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, डॉ अलौकिक उपाध्याय, श्री कृष्ण गौशाला कमेटी के अध्यक्ष गिरधारी लाल भक्तानी, उपाध्यक्ष मनीष हरजानी, कोषाध्यक्ष भगवान अवतानी ,जेके मदनानी, आशु मूलचंदानी जीतू तुलसीयानी, लालचंद मोटवानी, सोनू मदनानी ,हरीश टहलानी, पुरनचंद, सुनील करमचंदानी आदि उपस्थित रहे।