स्पेशल ओलम्पिक: बैडमिंटन और बास्केटबॉल में टीयर्स के बच्चों ने पाया प्रथम स्थान

आगरा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर में स्पेशल ओलम्पिक का आयोजन हुआ। उत्तर प्रदेश भारत और अंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विशेष बच्चों की बैडमिंटन और बास्केटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस आयोजन का उद्देश्य विशेष बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानना, प्रोत्साहित करना और उन्हें मुख्यधारा के खेलों से जोड़ना था।

Aug 29, 2025 - 17:35
 0
स्पेशल ओलम्पिक: बैडमिंटन और बास्केटबॉल में टीयर्स के बच्चों ने पाया प्रथम स्थान
खंदारी परिसर में खेल दिवस के अवसर पर आयोजित स्पेशल ओलंपिक में बच्चों के साथ डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी, स्पेशल ओलंपिक उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी संजीव दोहरे, वत्सला प्रभाकर, शीला बहल, अखिलेश सक्सेना आदि।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. आशु रानी एवं स्पेशल ओलम्पिक उत्तर प्रदेश भारत के जनरल सेक्रेटरी संजीव दोहरे ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के अवसर पर दिल्ली से आए स्पेशल ओलम्पिक स्पोर्ट्स अधिकारी हरप्रीत सिंह ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया।

प्रतियोगिता में टीयर्स मंदबुद्धि संस्थान के बच्चों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बैडमिंटन और बास्केटबॉल दोनों खेलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बच्चों के उत्साह और खेल भावना ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।

संजीव दोहरे ने कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का माध्यम हैं। समापन पर विजेता बच्चों को स्पोर्ट्स अधिकारी हरप्रीत सिंह और स्पोर्ट्स डायरेक्टर अरुण ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर स्पेशल ओलम्पिक टीम आगरा से राजेश जैन, प्रमोद पाठक, वत्सल प्रभाकर, शीला बहल, अखिलेश सक्सेना आदि मौजूद रहे। आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित हो सके।

SP_Singh AURGURU Editor