एसएन की बर्न यूनिट में जल्द नियुक्त होंगे स्पेशलिस्ट डॊक्टर और स्टाफ
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में स्थापित बर्न यूनिट अब जल्द प्रभावी रूप से कार्य करना शुरू कर देगी। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही पैरा मेडिकल स्टाफ की जल्द नियुक्ति की जाएगी। शासन से एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है।
एसएन मेडिकल कॉलेज को मिनी एम्स बनाने की दिशा में जहां विभिन्न विभागों के लिए बिल्डिंग निर्माण का कार्य चल रहा है, वहीं कई यूनिट बनकर तैयार हो चुकी हैं। जिन यूनिट्स को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है, उन्हें सिलसिलेवार प्रारंभ किया जा रहा। पूर्व में कार्डियोलॉजी और कैंसर यूनिट को शुरू करने के बाद अब बर्न यूनिट को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि कॉलेज ने बर्न यूनिट हेतु चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति हेतु जो प्रस्ताव भेजा था, उसे हरी झंडी मिल गई है। इसके लिए शासनादेश भी जारी हो गया है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कालेज में स्थापित बर्न यूनिट को नियमित श्रेणी के अन्तर्गत 52 पद तथा आउटसोर्सिंग श्रेणी के अन्तर्गत 43 पद शासनादेश द्वारा जारी हो गए हैं। अब जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ होगी।