नौकरी से लौटते वक्त काल बनकर आई रफ्तार, दयालबाग में युवक की दर्दनाक मौत

आगरा के दयालबाग क्षेत्र में देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गजराज (निवासी सोनिंगा, थाना खंदौली) की मौके पर ही मौत हो गई। वह मॉल में नौकरी कर अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jan 31, 2026 - 14:13
 0
नौकरी से लौटते वक्त काल बनकर आई रफ्तार, दयालबाग में युवक की दर्दनाक मौत
इमेज फोटो

मॉल में काम कर घर लौट रहा था गजराज, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही गई जान

आगरा। आगरा के दयालबाग क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक मॉल में नौकरी कर अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात सड़क पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

मॉल में करता था नौकरी

मृतक की पहचान गजराज पुत्र सुरेश, निवासी सोनिंगा, थाना खंदौली के रूप में हुई है। वह आगरा के एक मॉल में नौकरी करता था और रोज की तरह देर रात काम खत्म कर अपने दोस्त के साथ बाइक से घर लौट रहा था। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सुरक्षित बताया जा रहा है।

सूचना मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव सोनिंगा में भी इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गजराज मेहनती और मिलनसार युवक था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।