रास की आध्यात्मिक महिमा और रुक्मणि–कृष्ण विवाह की भक्तिमय कथा ने भर दिया आत्मिक संतुलन

आगरा। आत्मा और परमात्मा के शाश्वत संगम की अनुभूति तब चरम पर पहुंच गई, जब श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के छठवें दिवस रासलीला की दिव्य महिमा, एकादशी व्रत का आध्यात्मिक संदेश, कृष्ण के मथुरा प्रस्थान और रुक्मणि हरण–विवाह जैसे पवित्र प्रसंगों ने भक्तों का मन मोह लिया। कमला नगर स्थित भोले बाबा पार्क में कथाव्यास आचार्य ब्रजकिशोर वशिष्ठ ‘भैया जी’ ने भक्ति, प्रेम और समर्पण की गहराइयों को जिस भाव से उद्गार किया, उसने श्रद्धालुओं को आत्मिक संतुलन और आध्यात्मिक एकाग्रता का अद्भुत पाठ दिया।

Dec 12, 2025 - 21:41
 0
रास की आध्यात्मिक महिमा और रुक्मणि–कृष्ण विवाह की भक्तिमय कथा ने भर दिया आत्मिक संतुलन
कमला नगर स्थित भोले बाबा पार्क में श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के छठवें दिवस रुक्मणि-कृष्ण विवाह लीला का प्रसंग सुनाते आचार्य ब्रजकिशोर वशिष्ठ भैयाजी।

कथा व्यास आचार्य ब्रजकिशोर वशिष्ठ ‘भैया जी’ ने कहा कि रासलीला आत्मा का वह परम क्षण है, जब भक्त और भगवान के बीच का अंतर विलीन हो जाता है। कथा के अगले चरण में नंद बाबा द्वारा किए गए एकादशी व्रत की महिमा बताई गई। आचार्य ने बताया कि एकादशी केवल उपवास नहीं, बल्कि मन, विचार और कर्म की पवित्रता का मार्ग है। कृष्ण के गोकुल छोड़ मथुरा जाने के प्रसंग ने पांडाल में भावुकता और उत्साह दोनों का वातावरण पैदा कर दिया।

कथा का सबसे उत्साहजनक और भावनाओं से भरा क्षण रुक्मणि हरण और विवाह रहा। रुक्मणि का संदेश, कृष्ण का रथ लेकर कुंडिनपुर पहुंचना, रुक्मणि का हर ले आना और द्वारका में दिव्य विवाह, इन सभी प्रसंगों का वर्णन होते ही पांडाल जयकारों से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं ने रुक्मणि–कृष्ण विवाह के स्वरूपों की आरती उतारी और मंगल ध्वनियों के बीच विवाहोत्सव की बधाइयां दीं।

इस अवसर पर मुख्य यजमान कृष्ण मिश्र तथा दैनिक यजमान देवेंद्र शर्मा, राजीव शर्मा और मुकेश अग्रवाल ने विधि-विधान से व्यास पूजन और आरती की।
व्यवस्थापक मंडल में योगेश जैसवाल, रवि अग्रवाल, योगेश गुप्ता, राजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, देवेंद्र सिंघल, लोकेश गर्ग, जीएस जैन, डॉ. संजय धवन सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। महिलाओं में हिना छाबड़ा, राधा शर्मा, ममता गुप्ता, पारुल जैसवाल, प्रियंका मिश्रा, यश्वी गोयल, आशा मिश्रा, सुमन, माया, प्रतुल, प्रीति गुप्ता आदि उपस्थित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor