समाज में भ्रम फैलाना सपा की राजनीति का हिस्सा, मस्जिद में बैठक पर माफी मांगें- दानिश अंसारी

-आरके सिंह- बरेली। प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश अंसारी ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा का एजेंडा है गुमराह करो और राज करो। वह वही कर रही है जो कभी अंग्रेजों ने किया- फूट डालो और राज करो। वे यहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ब्रज प्रांत द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।

Jul 25, 2025 - 19:44
Jul 25, 2025 - 19:45
 0
समाज में भ्रम फैलाना सपा की राजनीति का हिस्सा, मस्जिद में बैठक पर माफी मांगें- दानिश अंसारी
प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्रा को सम्मानित करते अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश अंसारी।  

मस्जिदों में राजनीतिक बैठक गलत: अंसारी

राज्यमंत्री दानिश अंसारी ने दिल्ली में मस्जिद में आयोजित सपा की बैठक को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, मैं खुद मुसलमान हूं और मस्जिद जाता हूं, लेकिन इबादतगाह को सियासत का मंच बनाना गलत है। मस्जिद सिर्फ इबादत की जगह है, न कि राजनीतिक मीटिंग्स की। यह मुस्लिम समाज को गुमराह करने की कोशिश है। उन्होंने मांग की कि सपा को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

दानिश अंसारी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने मुसलमानों का केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है और उन्हें विकास की मुख्यधारा से दूर रखा है।

विद्यार्थी परिषद और संघ की राष्ट्रसेवा की सराहना

राज्यमंत्री ने विद्यार्थी परिषद और आरएसएस की राष्ट्रसेवा की प्रशंसा करते हुए कहा, इन संगठनों ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। ये समाज में राष्ट्रीय चेतना और एकता की भावना जगाते हैं, जिसे कुछ तत्व जानबूझकर गलत तरीके से पेश करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से आह्वान किया कि वे देश को जोड़ने वाली विचारधारा को अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें।

प्रतिभा को सम्मान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा

कार्यक्रम में विद्यार्थी पदाधिकारियों ने भी मंच से कहा कि संस्था सिर्फ शैक्षणिक अंक नहीं देखती, बल्कि छात्रों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना उसका उद्देश्य है। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक व शिक्षाविद बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor