सपा का बैनर बना बवाल भाजपा हुई हमलावर आगरा में दो मंत्री धरने पर बैठे

आगरा। समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी के बैनर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के आधे चित्र के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव का आधा चित्र लगाने पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा ने पूरे प्रदेश में सपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

Apr 30, 2025 - 22:13
 0
सपा का बैनर बना बवाल भाजपा हुई हमलावर आगरा में दो मंत्री धरने पर बैठे
सपा के ख़िलाफ़ आयोजित धरने को संबोधित करते भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता। धरने पर बैठे केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल और प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण।

आगरा में आयोजित धरने पर भाजपा केंद्रीय और राज्य सरकार के दो मंत्री भी बैठे। 

भाजपा ने बुधवार को खन्दारी चौराहा स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। धरने पर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के अलावा विधायक भी बैठे। 

धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में ही महापुरुषों का अपमान है। जिस व्यक्ति ने अपने पिता का ही सार्वजनिक अपमान किया हो उसके लिए यह कोई बड़ी बात नहीं। 

राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि अखिलेश यादव ने हमेशा सामाजिक न्याय के योद्धाओं का अपमान किया है।मुख्यमंत्री रहते हुए अम्बेडकर ग्राम विकास योजना सहित कई योजनाओं को बंद करने का काम किया।सामाजिक न्याय योद्धाओं में संत रविदास, ज्योति फुले, छत्रपति साहू आदि सभी का अपमान करके नीचा दिखाने का कृत्य अखिलेश यादव ने बार-बार किया है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी पिछले दिनों विधानसभा चुनाव में करारी हार से बौखलाई हुई है। इसलिए उनके नेता मानसिक संतुलन खो चुके हैं और कभी जवानों को, कभी महापुरुषों को अपमानित कर वो आने वाले चुनाव में भी बड़ी हार की जमीन खुद ही तैयार कर रहे हैं। 

धरने पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, रामचंद्र कन्नौजिया, शिव शंकर शर्मा, टीएन अग्रवाल, उपेंद्र सिंह, हेमंत भोजवानी, राहुल सागर, महेश शर्मा, नवीन गौतम, संजय अरोरा, रोहित कत्याल, गौरव राजावत, शैलू पंडित, मनोज राजोरा, अभिषेक गुप्ता, भरत शर्मा, संजय राय, गजेंद्र पिपल, राकेश कन्नौजिया, उपमा गुप्ता, संध्या माहौर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता,महिला शक्ति बैठी। 

इधर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बयान जारी कर कहा कि सपा ने बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर से छेड़छाड़ कर पूरे दलित समाज का अपमान किया है। डॉ. अम्बेडकर के चित्र के आधे हिस्से में अखिलेश यादव की तस्वीर लगाकर उनके व्यक्तित्व और योगदान को कमतर करने का कुत्सित प्रयास किया गया है। यह दलित समाज के आराध्य पुरुष का घोर अपमान है।अखिलेश को इस कृत्य के लिए क्षमा नहीं किया जा सकता है।