एकादशी पर वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़, 10 लोगों की मौत
अमरावती। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार को भगदड़ मच गई। इस घटना में 10 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और इसे बेहद हृदयविदारक बताया है। एकदशी के चलते मंदिर में भारी भीड़ थी। इसके चलते यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
काशीबुग्गा का वेंकटेश्वर मंदिर आंध्र प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में की घटना को दुखद बताया है। उन्होंने लिखा है कि घटना में लोगों की जान जाने की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। इसके साथ घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने X पर लिखा है कि आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुखद भगदड़ से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हुई जान-माल की हानि अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
हादसे पर पीएम मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ से बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूँ कि घायल जल्द स्वस्थ हों। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने श्रीकाकुलम जिले के कासीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़ ने मुझे व्यथित कर दिया है। यह बहुत दुखद है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। मैं पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में काशीबुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "श्रीकाकुलम, आंध्र प्रदेश में काशीबुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ में दुखद जनहानि से अत्यंत दुःखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं और घायलों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'एक्स' पर लिखा कि वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ में दुखद जनहानि से अत्यंत दुःखी हूं। शोक संतप्त परिवारों और सभी घायलों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं आशा करता हूं कि उन्हें शक्ति मिले और वे शीघ्र स्वस्थ हों।