सुरों का सितारा चमका: ताजनगरी के लवेश अग्रवाल ने राष्ट्रीय मंच पर जीता पहला स्थान
आगरा। ताजनगरी के युवा गायक लवेश अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज और सशक्त प्रस्तुति से राष्ट्रीय स्तर पर आगरा का परचम लहराते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रयागराज में आयोजित प्रतिष्ठित अखिल भारतीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता में कंठ संगीत श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि पूरे शहर को गौरवान्वित किया है।
प्रयाग संगीत समिति के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित देशराज डॉ. रंजीत सिंह स्मृति अखिल भारतीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। इस प्रतिस्पर्धा में लवेश अग्रवाल की उत्कृष्ट प्रस्तुति ने निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उन्हें प्रथम स्थान का विजेता घोषित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
साहित्यकार सुशील सरित के अनुसार, लवेश अग्रवाल ने मात्र 4 वर्ष की आयु से ही संगीत की साधना शुरू कर दी थी। वर्तमान में वे आगरा कॉलेज के संगीत विभाग की प्रो. (डा.) आन्शवना सक्सेना के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जहां उनकी प्रतिभा लगातार निखर रही है।
लवेश अग्रवाल इससे पहले भी डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूथ फेस्टिवल में अपने वर्ग में कई बार प्रथम स्थान हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश की विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भी वे अपनी गायकी का लोहा मनवा चुके हैं।