प्रतिभा निखार में दमके समर्पण के सितारे: जब पत्नियां चलीं पति संग रैम्प पर
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल क्लार्क्स इन सुइट्स का माहौल शनिवार को कुछ खास था। मंच सजा हुआ था, रोशनी की चमक थी और 18 विवाहित जोड़े अपने रंगीन परिधानों और आत्मविश्वास के साथ रैम्प पर जब कदमताल कर रहे थे। तालियों की गूंज ने पूरे सभागार को जीवंत कर दिया। यह अवसर था भारत विकास परिषद समर्पण शाखा द्वारा आयोजित प्रतिभा निखार कार्यक्रम का।
-भारत विकास परिषद समर्पण शाखा ने दिया पारिवारिक सौहार्द और नारी प्रतिभा को मंच
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ अलका मित्तल, सोनम मित्तल, प्रियंका जैन और पूजा गोयल द्वारा की गई। अध्यक्ष विजित गुप्ता ने बताया कि ‘समर्पण के सितारे’ थीम पर आधारित इस आयोजन में पहली बार 18 दंपतियों ने मंच साझा किया और एकजुटता, सौंदर्य, आत्मविश्वास और समर्पण का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया।
कोषाध्यक्ष संजीव मित्तल ने कहा कि विवाह के बाद महिलाएं जिनकी प्रतिभाएं घर की दीवारों में कैद हो जाती हैं, ऐसे मंच उन्हें फिर से आत्म-अभिव्यक्ति का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में समाजसेविका मधु बघेल और वंदना अग्रवाल रहीं, जिन्होंने प्रतिभागी दंपतियों के प्रदर्शन, सामंजस्य, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को परखा। मंच संचालन नवनीत गर्ग ने अपने आकर्षक अंदाज़ में किया।
इस आयोजन में प्रांतीय पदाधिकारी प्रमोद सिंघल, अखिलेश भटनागर, संदीप मित्तल, अंकित गर्ग, आशीष कंसल, नितिन जैन, उमंग गोयल, उत्सव मित्तल, अभिषेक वार्ष्णेय, अनुपम बंसल, देवेंद्र मंडलस, निशि दौनेरिया, उमेश गोयल, नितिन गोयल, लवली जैन, साधना मित्तल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।