आगरा में सुनारी चौराहे पर होली तक लगेगी वीर गोकुला जाट की प्रतिमा, विकास भी होगा, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने की घोषणा

अमर शहीद वीरवर गोकुल सिंह जाट के सम्मान में आगरा के सुनारी चौराहे (शास्त्रीपुरम) को ऐतिहासिक पहचान मिलने जा रही है। 356वें बलिदान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आगरा की महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने घोषणा की कि जिला प्रशासन की सहमति से आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा जाट समाज वैलफेयर सोसाइटी को आवंटित सुनारी चौराहे पर होली तक वीर गोकुला जाट की प्रतिमा स्थापित कर चौराहे को पूर्ण रूप से विकसित किया जाएगा।

Jan 1, 2026 - 21:03
 0
आगरा में सुनारी चौराहे पर होली तक लगेगी वीर गोकुला जाट की प्रतिमा, विकास भी होगा, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने की घोषणा
आगरा में सुनारी चौराहे पर वीर गोकुल सिंह जाट के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह को ज्ञापन देते कुंवर शैलराज सिंह एडवोकेट और जाट समाज वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारी।

आगरा। सुनारी चौराहे पर अमर शहीद वीरवर गोकुल सिंह जाट के बलिदान को स्मरण करते हुए आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि वीर गोकुला जाट ब्रज की शौर्य परंपरा के प्रतीक हैं और उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुनारी चौराहा, जिसे जिला प्रशासन की अनुमति से आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा जाट समाज वैलफेयर सोसाइटी को आवंटित किया गया है, वहां शीघ्र ही वीर गोकुला जाट की भव्य प्रतिमा स्थापित कर सौंदर्यीकरण व विकास कार्य पूरे कराए जाएंगे।

सुनारी में वीर गोकुल सिंह जाट के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद समाज के गणमान्य लोग। 

इस अवसर पर उपस्थित सर्व समाज के लोगों को अमर शहीद वीरवर गोकुल सिंह जाट की तस्वीरें कुवंर शैलराज सिंह एडवोकेट के सौजन्य से वितरित की गईं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने वीर गोकुला के अदम्य साहस, मुगल अत्याचार के विरुद्ध उनके संघर्ष और धर्म व समाज रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।

सभा को संबोधित करने वालों में यादराम वर्मा, बच्चू सिंह इंदौलिया, उदयवीर सिंह, अतर सिंह (मुखिया), अजीत चाहर (प्रधान), रविंद्र चौधरी (मंडल अध्यक्ष), वीरपाल चाहर, कीर्ति प्रधान, धर्मवीर सिंह (एडवोकेट), किसन सिंह, प्रेम सिंह वर्मा, प्रेम सिंह सोलंकी, सीताराम चौधरी, अशोक ठेनुआ, चंद्रवीर एवं शिवराम प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वीर गोकुला जैसे योद्धाओं की स्मृतियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और उनके सम्मान से सामाजिक एकता मजबूत होती है। कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल छोंकर ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor