भगवान कृष्ण की कथा ही कथा है, बाकी सब व्यथा है, बल्केश्वर पार्क में पहले ही दिन पंडाल भरा  

आगरा। बल्केश्वर पार्क में शुक्रवार शाम विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट की ओर से आरंभ हुई श्रीमद् भागवत कथा के पहले ही दिन श्रद्धा और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में उपस्थित भक्तों से खचाखच भरे पंडाल में केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री टोकन साहू ने दीप प्रज्ज्वलित कर कथा का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय संत पूज्य चिन्मयानंद बापू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान कृष्ण की कथा ही कथा है, बाकी सब सांसारिक प्रपंच, व्यथा और वृथा है।

Aug 22, 2025 - 19:29
 0
भगवान कृष्ण की कथा ही कथा है, बाकी सब व्यथा है, बल्केश्वर पार्क में पहले ही दिन पंडाल भरा   
बल्केश्वर पार्क में शुक्रवार से शुरू हुई श्रीमद भागवत कथा के उद्घाटन समारोह में मौजूद केंद्रीय मंत्री टोकन साहू। साथ हैं मुरारीलाल गोयल। नीचे के चित्र में कथा में मौजूद श्रद्धालु।

उन्होंने कहा कि जहाँ भगवान राम की कथा जीना सिखाती है, वहीं कृष्ण की कथा मृत्यु के भय को मिटाकर उसे महोत्सव बना देती है।

शास्त्रसम्मत व्याख्यान के बीच राष्ट्रीय संत चिन्मयानंद बापू ने बल्केश्वर पार्क में लंबे समय बाद हुए सार्वजनिक आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जो बंद पड़ा था, उसे भगवान स्वयं खोलने आ गए। पार्क तो पहले ही सुंदर था, लेकिन अब नंदनंदन कृष्ण के पधारने से इसकी शोभा और बढ़ गई है।

कथा के पहले दिन सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए पौधारोपण कार्यक्रम किया गया। मुख्य संरक्षक व मार्गदर्शक डॉ. विजय किशोर बंसल ने कथा श्रवण को राष्ट्र सेवा से जोड़ने की अपील की।

ट्रस्टी मुरारी लाल गोयल पेंट वाले और सुमन गोयल ने भक्तों को प्रेरित करते हुए कहा कि कथा श्रवण का पांच गुना पुण्य लाभ लेने के लिए अपने साथ प्रतिदिन पाँच लोगों को लाएं। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगी।

आरती में प्रमुख यजमान सुगंधी परिवार के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, प्रांशू गोयल, गिर्राज बंसल, सुरेश बरेजा, नेहा गोयल, पूर्विका बंसल, कमलेश कुशवाह, रजनी गोयल, कुसुम अग्रवाल, उदयभान सिंह भदौरिया, राकेश गुप्ता, केएम सिंघल, विजय वर्मा, मयंक खंडेलवाल और विश्वनाथ भारद्वाज सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor