रामपुर में बर्ड फ्लू फैलने पर सख्त कदम: 21 दिन तक चिकन कॉर्नर बंद, अंडे-मुर्गे की बिक्री पर रोक

-आरके सिंह- रामपुर। जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा एच-5 वायरस) की पुष्टि के बाद प्रशासन ने जिला भर की चिकन दुकानों को 21 दिन के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत पूरे जिले में अंडे और मुर्गे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

Aug 12, 2025 - 18:27
 0
रामपुर में बर्ड फ्लू फैलने पर सख्त कदम: 21 दिन तक चिकन कॉर्नर बंद, अंडे-मुर्गे की बिक्री पर रोक

-सिहोर गांव के पोल्ट्री फार्म में 15 हजार मुर्गियों की मौत के बाद दस किमी का एरिया सर्विलांस के दायरे में

बिलासपुर तहसील के सिहोर गांव के पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के कारण 15 हजार मुर्गियों की मौत हो चुकी है। इस क्षेत्र के आसपास 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस एरिया घोषित किया गया है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित कर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

जिलाधिकारी ने की आपात बैठक, जारी किए सख्त आदेश

जिलाधिकारी जोगेंद्र सिंह ने आपात बैठक में मुर्गियों, अंडों और पोल्ट्री उत्पादों के आवागमन व बिक्री पर प्रतिबंध लगाया। चिकन कॉर्नर 21 दिन के लिए बंद रखने के निर्देश दिए गए। नियंत्रण कक्ष स्थापित कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पशु चिकित्सा संस्थानों ने बर्ड फ्लू की पुष्टि की

भारतीय पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान, बरेली और भोपाल की हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज लैबोरेट्री में जांच के बाद बर्ड फ्लू पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इससे पहले आठ अगस्त को सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें वायरस की पुष्टि हुई।

केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान ने बचाव के कड़े इंतजाम किए

सीएआरआई इज्जतनगर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। बाहरी वाहनों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। जलस्रोतों को ढंककर पक्षियों को परिसर में आने से रोका जा रहा है। फार्म हाउस पर रिफ्लेक्टर लगाकर संक्रमण फैलने से बचाव के प्रयास तेज किए गए हैं।

पशुपालन विभाग ने जारी किए कड़े निर्देश

सभी पशु चिकित्सकों को पोल्ट्री फार्म में मुर्गी मौत की सूचना मिलते ही तुरंत सैंपलिंग करने और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है। बरेली में अभी तक कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला है, लेकिन पड़ोसी जिले में संक्रमण की पुष्टि के कारण सतर्कता बढ़ा दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor