आगरा में मेट्रो और जल निगम पर सख्ती, मंडलायुक्त ने दिए बैरिकेडिंग हटाने व सड़क सुधार के निर्देश

आगरा। आगरा में मेट्रो और जल निगम के कार्यों के चलते आमजन को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के अधिकारियों को नंद टाकीज से मधुनगर तक की खस्ताहाल सड़क और एमजी रोड पर जगह-जगह बने गड्ढों को शीघ्र गड्ढामुक्त कर गुणवत्तापूर्ण जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट कहा कि जहां-जहां मेट्रो पिलर का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां से तत्काल बैरिकेडिंग हटाई जाए, ताकि यातायात सुचारू रह सके।

Jan 6, 2026 - 20:57
 0
आगरा में मेट्रो और जल निगम पर सख्ती, मंडलायुक्त ने दिए बैरिकेडिंग हटाने व सड़क सुधार के निर्देश
मेट्रो और जल निगम आदि विभागों के अधिकारियों संग बैठक करते मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह।

मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, जल निगम को फटकार, लापरवाही पर भारी जुर्माने की चेतावनी

आगरा। आगरा में मेट्रो और जल निगम के कार्यों के चलते आमजन को हो रही परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के अधिकारियों को नंद टाकीज से मधुनगर तक की खस्ताहाल सड़क और एमजी रोड पर जगह-जगह बने गड्ढों को शीघ्र गड्ढामुक्त कर गुणवत्तापूर्ण जीर्णोद्धार कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट कहा कि जहां-जहां मेट्रो पिलर का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां से तत्काल बैरिकेडिंग हटाई जाए, ताकि यातायात सुचारू रह सके।

मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित इस समीक्षा बैठक में आगरा मेट्रो, नगर निगम, पीडब्लूडी और जल निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मेट्रो अधिकारियों ने प्रोजेक्ट की वर्तमान प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि माल रोड, एमजी रोड और आगरा–मथुरा हाईवे पर कार्य चल रहा है और इस दौरान यातायात प्रबंधन, जन सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण के इंतजाम किए जा रहे हैं। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि कार्य पूरा होते ही सड़कों को तुरंत आमजन के लिए खोल दिया जाए।

फतेहाबाद रोड पर जल निगम के कार्यों को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। जल निगम ने बताया कि जहां पाइपलाइन डाली जा चुकी है, वहां सड़क का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। हालांकि पीडब्लूडी अधिकारियों ने इसे असमुचित और मानकों के विपरीत बताया। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत का कार्य गुणवत्ता के साथ किया जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद पीडब्लूडी व नगर निगम संयुक्त रूप से जांच कर यह सुनिश्चित करें कि फतेहाबाद रोड एक प्रॉपर स्मार्ट रोड के रूप में विकसित हो। साथ ही जल निगम को आदेश दिए गए कि कार्य होते ही बैरिकेडिंग हटाई जाए, जिससे जाम की समस्या न बने।

नगरायुक्त ने मेट्रो कार्यों के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों, फुटपाथों, हरियाली, सीवर लाइन और स्ट्रीट लाइटिंग से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि मेट्रो, नगर निगम और पीडब्लूडी मिलकर माल रोड और एमजी रोड का संयुक्त निरीक्षण करें और समग्र कार्ययोजना तैयार करें। जो भी पुनरुद्धार कार्य आवश्यक हों, उन्हें मेट्रो विभाग अपने स्तर से पूर्ण कराए।

यमुना पार, लोहामंडी और दयालबाग क्षेत्रों में जल निगम के कार्यों को लेकर नगरायुक्त ने लापरवाही और शिकायतों की भरमार की जानकारी दी। आरोप है कि कई स्थानों पर सड़कें खोदकर गड्ढे खुले छोड़ दिए गए, न तो यातायात प्रबंधन है और न ही प्रदूषण नियंत्रण के उपाय। इस पर मंडलायुक्त ने जल निगम अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार किया जाए। भविष्य में यदि नगर निगम की जांच में कोई कमी पाई गई तो भारी जुर्माने के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी।