झोलाछाप पर स्ट्राइक: आईएमए बरेली की वेबसाइट पर मिलेगी असली डॉक्टर्स की पूरी जानकारी
-आरके सिंह- बरेली। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में तेजी से बढ़ते झोलाछाप डॉक्टरों पर लगाम लगाने और मरीजों को सही इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। आईएमए बरेली के अध्यक्ष डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि जल्द ही एक वेबसाइट लॉन्च की जाएगी, जिसमें बरेली जिले के करीब 1000 रजिस्टर्ड की पूरी जानकारी मौजूद होगी।
इस वेबसाइट में मरीज बीमारी के हिसाब से डॉक्टर खोज सकेंगे। प्रत्येक डॉक्टर का नाम, योग्यता, अस्पताल या क्लीनिक का पूरा पता, मोबाइल नंबर, लाइव लोकेशन और उनसे जुड़ी सभी प्रमाणिक जानकारी दी जाएंगी। इससे फर्जी अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों के झांसे में आने से बचाव होगा।
डॉ. सिंह ने बताया कि वर्तमान में कई झोलाछाप डॉक्टर बड़े-बड़े अस्पताल खोलकर गंभीर बीमारियों का इलाज करने का दावा करते हैं, जबकि विशेषज्ञता न होने के कारण मरीज की जान पर खतरा बन जाता है। कई मामलों में मरीज अंतिम अवस्था में जब असली विशेषज्ञ के पास पहुंचता है, तब बहुत देर हो चुकी होती है और दोष विशेषज्ञ डॉक्टर पर लगाया जाता है।
डॊ. सिंह ने उम्मीद जताई कि आईएमए की वेबसाइट लॉन्च होने के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। मरीज सीधे सही विशेषज्ञ तक पहुंच पाएंगे और इलाज का प्रोसेस तेज व सुरक्षित होगा।
गौरतलब है कि आईएमए बरेली का ब्लड बैंक पहले से ही हाई-टेक सुविधाओं से लैस है और प्रशासन के साथ मिलकर पेशवर ब्लड डोनर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।