माथुर वैश्य महासभा चुनाव में जोरदार दस्तक, मुकेश गुप्ता ‘मामा’ और रीता अलंकार ने भरा नामांकन
आगरा। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के आगामी त्रिवार्षिक चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को पचकुइयां स्थित महासभा भवन में उस समय उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला जब समाज के वरिष्ठ और प्रभावशाली सदस्य मुकेश गुप्ता ‘मामा’ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए तथा रीता अलंकार ने केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों गणमान्य सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे। नामांकन के समय ‘मामा’ और रीता अलंकार के समर्थन में जोरदार नारेबाजी हुई। दोनों प्रत्याशियों को 15-15 प्रस्तावकों का समर्थन प्राप्त हुआ।
फिरोजाबाद क्लब के वर्तमान अध्यक्ष और समाज में सक्रिय भूमिका निभा रहे मुकेश गुप्ता के साथ-साथ रीता अलंकार को भी महिला वर्ग का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है।
महासभा के निर्वाचन आयोग अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि यह चुनाव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष पद हेतु आयोजित किया जा रहा है। यह निर्वाचन महासभा के त्रिवार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत अक्टूबर माह में प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय शाखा सभाओं की ओर से केवल पांच निर्वाचक मंडल सदस्य मतदान में भाग लेंगे, जिनमें तीन शाखा सभा प्रतिनिधि और दो महिला मंडल पदाधिकारी शामिल होते हैं।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान हर्षवर्धन गुप्ता, मनोज गुप्ता, संजय गुप्ता, रघुनाथ गुप्ता, केशव गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद (कानपुर), अशोक गुप्ता, कुलदीप गुप्ता आदि गणमान्य जन उपस्थित रहे।