विधिक जागरूकता इंटर्नशिप प्रशिक्षण में छात्रों को हो रहा कानूनी ज्ञान और प्रैक्टिकल अनुभव
आगरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में मंगलवार को प्रारंभ हुए विधिक जागरूकता इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्रों को कानूनी ज्ञान के साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी हो रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 जून 2025 तक चलेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा डा. दिव्यानंद द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम का संचालन डा. अरुण कुमार दीक्षित, कोऑर्डिनेटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया। इस आयोजन में डा. मदन मोहन शर्मा, अध्यक्ष, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी का भी सक्रिय सहयोग रहा।
इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने अपने संबोधन में कानूनी जागरूकता, त्वरित न्याय प्रणाली, डिजिटल न्यायिक प्रणाली तथा जनहित में विधिक सहायता की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्रों में कानूनी विषयों को लेकर विशेष रुचि और उत्साह देखा गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन ही कार्यक्रम में शीघ्र न्याय प्रणाली में वीक सेक्शन पर सेवानिवृत्त एडीजे प्रवीण कुमार, पीसीपीएनडीटी अधिनियम पर अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसएम प्रजापति, सामुदायिक सेवा में विधिक सहायता की भूमिका पर सहायक एलएडीसी मृणाल सिंह तथा वर्चुअल कोर्ट एवं ई-चालान विषय पर एसीजेडी-06, वर्चुअल कोर्ट शिखा सिंह ने व्याख्यान दिया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास समाज में विधिक चेतना के प्रसार एवं युवा वर्ग को विधिक क्षेत्र से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावशाली पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों को न केवल कानूनी ज्ञान प्राप्त होगा, बल्कि उन्हें प्रैक्टिकल अनुभव भी मिलेगा, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।