प्रिल्यूड स्कूल की ‘अंतर्सदनीय एथलेटिक मीट 2025’ में छात्रों ने दिखाई अद्भुत स्पोर्ट्स स्पिरिट

आगरा। जीत उन्हीं की होती है जो पूरे मनोबल और आत्मविश्वास से मैदान में उतरते हैं। इस भावना को साकार करते हुए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आयोजित अंतर्सदनीय एथलेटिक मीट 2025 में खिलाड़ियों ने मैदान पर जोश, ऊर्जा और खेल भावना का ऐसा समावेश दिखाया कि पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा। खेलों के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह वार्षिक आयोजन खेल शिक्षक नरेंद्र कुशवाह के निर्देशन में संपन्न हुआ।

Nov 10, 2025 - 19:41
 0
प्रिल्यूड स्कूल की ‘अंतर्सदनीय एथलेटिक मीट 2025’ में छात्रों ने दिखाई अद्भुत स्पोर्ट्स स्पिरिट
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की सोमवार को हुई ‘अंतर्सदनीय एथलेटिक मीट 2025’ में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राएं और अतिथिगण।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और प्रार्थना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. त्रिलोक सिंह राणा (निदेशक, ऑल सेंट्स स्कूल) का स्वागत विद्यालय निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता एवं प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव ने किया। डॉ. राणा ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। यह विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मबल और संघर्ष की भावना सिखाते हैं।

चारों सदनों- पिगैसिस, ओरायन, एंड्रोमेडा और फीनिक्स के छात्रों ने विभिन्न वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
100 मीटर बालिका वर्ग में आराध्या मुद्गल (पिगैसिस), हिमांशी वर्मा (फीनिक्स) और अद्विता शर्मा (एंड्रोमेडा) विजेता रहीं, जबकि वरिष्ठ वर्ग में सृष्टि गर्ग (पिगैसिस), आशी परिहार (एंड्रोमेडा) और पूर्वी यादव (पिगैसिस) ने जीत दर्ज की।
बालक वर्ग में हर्षित पाठक और यश सिंह ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

200 मीटर रेस में दर्शिता शौरी (फीनिक्स), आर्या सिंह (एंड्रोमेडा) और आराध्या (ओरायन) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में अनिष्का गोयल (फीनिक्स), प्रियांशी शर्मा (फीनिक्स) और पूर्वी यादव (पिगैसिस) विजेता रहीं।
बालक वर्ग में अचरज (एंड्रोमेडा) ने पहला स्थान जीता, जबकि निखिल और हेमंत (दोनों पिगैसिस) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

रस्साकशी प्रतियोगिता में बालक वर्ग में ओरायन सदन विजेता बना, जबकि बालिका वर्ग में भी ओरायन सदन ने ही बाजी मारी।

प्री-प्राइमरी वर्ग की फन रेस में ईशान, शिवांश अग्रवाल, अनंत सोनी, नरगिस सत्संगी, सान्वी, दिव्यांश, कनक राजपूत और पार्थवी पचौरी जैसे नन्हें प्रतिभागियों ने सबका दिल जीत लिया।

कुल 450 विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए। इस दौरान विद्यालय परिसर बच्चों के उत्साह और अभिभावकों की तालियों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम संचालन में नरेंद्र कुशवाहा, अभि सिरोही, काजल वासुदेव और ऋषभ गौतम का योगदान रहा। समापन राष्ट्रगान और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor