29 जून को अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की परीक्षा, बरेली के 28 केंद्रों पर होंगे 13032 अभ्यर्थी शामिल
बरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक और सहायक स्तर की परीक्षा 29 जून (शनिवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न होगी। यह परीक्षा बरेली के 28 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिनमें कुल 13032 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
-उमस और बारिश को देखते हुए केंद्रों पर विशेष इंतज़ाम, हर परीक्षार्थी को समय से पहुंचना अनिवार्य
एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने जानकारी दी कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने परीक्षा केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि उमस और संभावित बारिश के मद्देनज़र परीक्षार्थियों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में फोटो कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पूर्व (सुबह 8:30 बजे तक) केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। साथ ही, अभ्यर्थियों को आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
परीक्षा केंद्रों की प्रमुख सूची में शामिल हैं- बरेली कॉलेज (ब्लॉक A से E), बरेली इंटर कॉलेज, विशप मंडल इंटर कॉलेज, सीबीगंज इंटर कॉलेज, रुहेलखंड यूनिवर्सिटी (लॉ कैंपस व अन्य ब्लॉक), इस्लामिया इंटर कॉलेज व गर्ल्स कॉलेज, जीआईसी, मौलाना आज़ाद, कुंवर रंजीत सिंह, रिखी सिंह, पीसी आजाद, गुलाबराय, तिलक, विष्णु आदि।