निर्णायक मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने पटियाला को 22 रन से हराया, सीरीज 2-1 से जीती

आगरा। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने जूनियर बॉयज फ्रेंडशिप क्रिकेट सीरीज के निर्णायक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए BECC पटियाला को 22 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अकादमी की टीम ने 113 रन बनाए, जिसके जवाब में पटियाला की टीम 91 रन पर ऑलआउट हो गई। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की जीत में रुद्र की गेंदबाजी निर्णायक रही। उन्होंने चार विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया।

Sep 23, 2026 - 19:49
 0
निर्णायक मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने पटियाला को 22 रन से हराया, सीरीज 2-1 से जीती

सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के डायरेक्टर राजीव सोई ने बताया कि BECC पटियाला के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। निर्धारित 35 ओवर के मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने नौ विकेट खोकर 113 रन बनाए। टीम की ओर से जयंत अग्रवाल ने 23, अरव जैन ने 13, सम्राट ने 19 और कृष्ण ने 18 रन का योगदान दिया। BECC पटियाला की ओर से यशराज ने तीन विकेट लिए, जबकि विवान और प्रिंस को दो-दो विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी BECC पटियाला की टीम सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28.3 ओवर में 91 रन पर ऑलआउट हो गई। पटियाला की ओर से प्रिंस ने 31, चंदन ने 18 और यशराज ने 13 रन बनाए। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से रुद्र ने चार विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। अभी यादव ने दो विकेट लिए, जबकि ओमकार और कृष्णा को एक-एक विकेट मिला।

फाइनल मुकाबले में रुद्र को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन के लिए अर्णव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, यशराज को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और अभी यादव को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में वार्ड नंबर 32 के क्षेत्रीय पार्षद अरविंदर गौतम और बलदेव भटनागर ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। विशिष्ट अतिथि विक्रम शुक्ला और लक्ष्मण स्वरूप यादव ने मैन ऑफ द मैच सहित अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों से खिलाड़ियों को सम्मानित किया। पटियाला टीम के कोच एच.एस. अरोड़ा को सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव बंटी यादव ने सम्मानित किया।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग के लिए अकादमी अध्यक्ष राजीव सोई ने मनोज कुशवाहा और अकादमी के कोच समीर खान का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुकेश यादव, चरणजीत यादव, विपिन यादव, भूपेंद्र और मानवेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

राजीव सोई ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलता है। सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

SP_Singh AURGURU Editor